बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर समस्या समाधान केन्द्र के पदाधिकारियों ने अपर मंडल रेल प्रबंधक आरएस चौधरी के समक्ष अपनी बात रखी। शुक्रवार को चूरू स्टेशन पर पहुंचे अपर मंडल प्रबंधक को प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन सौंपा। साथ ही यात्री सुविधाओं का विस्तार करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने और रेल सेवाओं को आमजन की आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित करने की मांग रखी।

समस्या समाधान केन्द्र के अध्यक्ष सत्यनारायण व्यास ने अवगत कराया कि रेलवे स्टेशन के चारों प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त टीनशेड नहीं होने से यात्रियों को धूप और बारिश के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर गर्मी एवं बरसात के मौसम में ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत होती है।
उन्होंने चारों प्लेटफॉर्म पर टीनशेड लगवाने की मांग करते हुए कहा कि इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने गाड़ी संख्या 74830 के समय में बदलाव करने की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह ट्रेन दोपहर करीब 2 बजे संचालित होती है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसका समय बदलकर शाम करीब 4 बजे किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
केन्द्र के सचिव प्रमोद शर्मा ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर और सभी प्लेटफॉर्म पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा किसी भी अप्रिय घटना पर निगरानी रखी जा सके। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर उचित रेलिंग लगवाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने विशेष रूप से प्लेटफॉर्म नंबर चार पर सुलभ शौचालय की व्यवस्था करवाने की मांग की, ताकि यात्रियों को मूलभूत सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़े। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को वीआईपी टिकट की सुविधा उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी उठाया, जिससे उम्रदराज यात्रियों को टिकट संबंधी कार्यों में राहत मिल सके।
ज्ञापन के दौरान प्रेम बगड़िया, दारासिंह जांगिड़ एवं राजेन्द्र सिंह ने बीकानेर से हिसार के बीच संचालित ट्रेन के किराये का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का किराया लोकल ट्रेन के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि दैनिक यात्रियों, छोटे व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों एवं आमजन को आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि रेल किराये में उचित सुविधा मिलने से अधिक संख्या में लोग रेल यात्रा को प्राथमिकता दे सकेंगे।
इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह ने चूरू से सीकर की ओर संचालित साधारण सवारी गाड़ी संख्या 74861 डेमू ट्रेन के संचालन में विस्तार करने की मांग प्रमुखता से रखी।
उन्होंने कहा कि चूरू से जयपुर के लिए सुबह के समय सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं अन्य यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही ट्रेन के संचालन में विस्तार होने से रेलवे की यात्री सेवाओं का उपयोग भी बढ़ेगा।
समस्या समाधान केन्द्र के पदाधिकारियों ने अपर मंडल रेल प्रबंधक आरएस चौधरी के समक्ष सभी मांगों को विस्तार से रखते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का विकास होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।





