कल मनाया जाएगा जन्मोत्सव, 21 सितंबर को होगी भजन संध्या और 22 को हवन में देंगे आहुतियां
रमेश बिस्सा
कोलकाता, निडर इंडिया न्यूज।
महानगर में लोक देवता बाबा रामदेवजी के प्रति अटूट आस्था है। श्रद्धालुओं में बाबा की भक्ति अविरल बहती है। एक तरह जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीकानेर होते हुए रामदेवरा के लिए रवाना हो चुके हैं। कई संस्थाएं कोलकाता से रवाना होकर बीकानेर पहुंची है और यहां से रामदेवरा के रास्तों में पैदल यात्रियों की सेवा के लिए शिविर लगाएंगे। कई संस्थाओं के सेवा शिविर शुरू हो चुके हैं।
वहीं दूसरी ओर कोलकाता महानगर में बड़ा बाजार क्षेत्र में रामदेव बाल मंडल के तत्वावधान में इस बार भी बाबा रामदेव जी का महोत्सव मनाया जा रहा है। इसका शुभारंभ शनिवार से हो गया है। मंडल के संरक्षक जेठमल रंगा ने बताया कि दस दिवसीय महोत्सव का आयोजन दर्शनारायण टैगोर स्ट्रीट, रामदेव गली (रामदेव द्वार), सिंघागढ़ मोड़ स्थित बाबा रामदेवजी महाराज के मंदिर में जोर-शोर और आस्था के साथ शुरू किया गया है। यह 12 से 21 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक कई तरह के द्रव्यों से बाबा का अभिषेक किया जाएगा
कार्यक्रम के तहत 12 सितंबर को आज गंगाजल से अभिषेक किया गया। वहीं 13 सितंबर को दूध से, 14 को दही, 15 को घी, 16 को शहद, 17 को चीनी, 18 को गन्ने के रस, 19 को मौसमी रस, 20 को पंचामृत तथा 21 सितंबर को गुलाब जल सहित विभिन्न द्रव्यों से बाबा का अभिषेक किया जाएगा। 13 सितंबर को दूध से विशेष अभिषेक सुबह 7 से 11.30 बजे तक होगा।
महोत्सव के दौरान 13 सितंबर को बाबा का जन्मोत्सव मनाते हुए बाबा की संगीतमय जीवन गाथा का आयोजन किया जाएगा। वहीं 20 सितंबर को भादवा सुदी नवमी के अवसर पर उत्पात समारोह तथा 21 सितंबर को भादवा सुदी दशमी पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
भजन संध्या में कलाकार देंगे प्रस्तुतियां…

इस दिन रात्रि को भजन संध्या होगी। इसमें कई स्थानीय और बीकानेर के कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं कोलकाता के प्रसिद्ध ख्यातिनाम कलाकार महेश-राकेश रात 11 बजे से बाबा की जीवन गाथा(जम्मा) की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। वहीं 22 सितंबर को हवन होगा।
महोत्सव का आयोजन आचार्य पं. कन्हैयालाल व्यास के सान्निध्य में किया जा रहा है। रामदेव बाल मंडल ने समस्त श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर बाबा रामदेवजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
आस्था : डीजे की धुनों पर थिरकते श्रद्धालु, तो मनुहार करते सेवादार, देखें वीडियो…
