बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


पांचू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या का प्रयास करने के प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों ही युवक टॉप-10 वांछितों में शामिल है। पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। नोखा वृत्ताधिकारी जरनैलसिंह एवं पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के निकट सुपरविजन में सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास मय टीम ने सचिन पुत्र बुधराम बिश्नोई (19), निवासी साईसर और रामस्वरूप पुत्र धुड़ाराम जाट (19), निवासी धरनोक को गिरफ्तार किया है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार धरनोक निवासी परिवादी गंगाबिशन बिश्नोई ने 10 जुलाई को पर्चा बयान में बताया था कि 9 जुलाई को वह गांव धरनोक से अपनी ढाणी की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने पिकअप गाड़ी आगे लगाकर उसे रोक लिया। परिवादी का आरोप है कि इसके बाद लाठी व सरिये से जान से मारने की नीयत से मारपीट की ओर उसके पैरों व शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई। घटना के दौरान फायरिंग करने और परिवादी के साथी मोटरसाइकिल चालक के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में प्रयुक्त सामान सहित अन्य बरामदगी के प्रयास कर रही है।
यह टीम रही सक्रिय : थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास, हेड कांस्टेबल राणाराम और कांस्टेबल धनाराम शामिल रहे।






