रेलवे : भारी पड़ा बिना टिकट यात्रा करना, विभाग ने वसूला जुर्माना - Nidar India

रेलवे : भारी पड़ा बिना टिकट यात्रा करना, विभाग ने वसूला जुर्माना

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल पर बिना टिकट यात्रा करने वालों पर शिकंजा कस लिया है। रेलवे ऐसे यात्रियों से जुर्माना वसूला है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के मार्गदर्शन में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ 1 जुलाई से विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना, रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव के अनुसार इस विशेष अभियान के तहत 1  से 27 जुलाई  तक कुल 13,051 मामले दर्ज किए गए, जिनसे ₹88.20 लाख का जुर्माना और किराया वसूल किया गया। इन मामलों में धूम्रपान के 32 मामले भी शामिल हैं।
अभियान के दौरान बीकानेर मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं टिकट जांच स्टाफ द्वारा लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हिसार, भिवानी सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इसके अतिरिक्त अम्बुश जांच, Fortress Check (फोर्ट्रेस जांच/ किलाबंदी) जांच तथा इंटर डिवीजन (क्रॉस कंट्री) जांच के माध्यम से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्यवाही की गई तथा उनसे नियमानुसार किराया सहित जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध भी “जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 ” के तहत कार्यवाही की गई। रेलवे परिसर अथवा ट्रेनों में धूम्रपान करते पाए जाने पर ₹2,000 तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। बीकानेर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में धूम्रपान न करें और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।
बीकानेर मंडल द्वारा भविष्य में भी बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा रोकने तथा रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रेलवे सुरक्षा बल एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से समय-समय पर विशेष टिकट जांच अभियान जारी रखे जाएंगे।
अभियान के दौरान वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान, टिकट जांच स्टाफ सम्मिलित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *