बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

दीपावली का पर्व अब ज्यादा दूर नहीं है। त्योहार को लेकर एक और जहां घरों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, रंग-रोगन का कार्य चल रहा है। वहीं दूसरी ओर त्योहार की रौनक बाजारों में दिखने लगी है। दीपोत्सव के स्वागत में बाजार सज रहे हैं। खासकर रंगोली, पोस्टरों और फैंसी दीपकों से बाजार अटने लगे हैं। फिलहाल तो सुहागिन महिलाओं का खास पर्व करवा चौथ आ रहा है। इसको लेकर बाजारों में विशेष तरह के करवे आ गए हैं।

साथ ही स्पेशल करवा चौथ पूजा की थाली भी आकर्षण का केन्द्र है। शहर में दीपक और मिट्टी से बने बर्तनों की 200 से भी ज्यादा स्थायी और अस्थायी दुकान सज गई है। विशेषकर बड़ा बाजार, स्टेशन रोड, सादुलसिंह सर्किल के समीप, जस्सूसर गेट क्षेत्र, गंगाशहर में जहां स्थायी दुकानों पर एक से बढ़कर एक फैंसी दीपक, करवे उपलब्ध है। वहीं कोटगेट, केईएम रोड सहित शहर की विभिन्न कॉलोनियों में मिट्टी दीयों की अस्थायी दुकानें सज गई है।
पारम्परिक दीयों की मांग…
सादुलसिंह सर्किल के समीप सड़क किनारे सजी दुकान पर दीपक विक्रेता दुलीचंद प्रजापत ने बताया कि इस बार भी गुजरात के फैंसी दीपक लाए है। साथ ही बीकानेर में ही बनने वाले पारम्परिक दीयों की मांग सदा बहार रहती है। वहीं वर्तमान में करवा चौथ का पर्व समीप है, ऐसे में मिट्टी से बने स्पेशल करवे और पूजा की थाली भी महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है।

सामान्य दीये दस रुपए में सात…
दीपक विक्रेताओं के अनुसार आमतौर पर इस समय सामन्य दीये 10 रुपए में 7 पीस बेच रहे हैं। वहीं डिजाइनदार और रंगीन दीये छोटे आकार के 10 रुपए में तीन, बड़े आकार के 10 रुपए में 2 और उससे बड़े साइज के 10 रुपए में एक दीपक भी बिक रहा है।

150 रुपए में पूजा-थाली…
करवा चौथ को देखते हुए मिट्टी से विशेष करवे बनाए गए है। इसमें जो सामान्य है वो 20 रुपए में उपलब्ध है। वहीं रंगीन करवे जो बहुत ही आकर्षक है, उनकी कीमत 40 रुपए प्रति पीस है। साथ ही करवा चौथ पूजा की थाली 150 रुपए की है।
कोलकाता से आते है फैंसी आइटम…
दीपक विक्रेताओं के अनुसार दीपावली मिट्टी से बने सजावटी सामान कोलकाता से आते है। इसमें कई तरह की डिजाइनों के दीपक, सजावट के लिए मालाएं और भी कई आइटम होंगे, जिनकी बिक्री धनतेरस के आसपास परवान चढेगी।





