स्वास्थ्य : बारिश की दस्तक के साथ ही सतर्क हुआ विभाग, गंगाशहर में डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान - Nidar India

स्वास्थ्य : बारिश की दस्तक के साथ ही सतर्क हुआ विभाग, गंगाशहर में डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान

25 टीमों ने 789 घरों का किया सर्वे, एंटी लार्वा गतिविधियों के साथ आमजन को किया जागरूक

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

बारिश की शुरुआत के साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। बारिश के मौसम में मच्छर जनित रोगों पर काबू करने के लिए विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रो-एक्टिव मोड पर कार्य शुरू कर दिया है। डेंगू की रोकथाम के लिए जिलेभर में सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वा गतिविधियों तथा घर-घर सर्वे अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में डेंगू की दृष्टि से संवेदनशील गंगाशहर क्षेत्र में एक साथ 25 टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि गंगाशहर, व्यापार नगर, किस्मीदेसर, भीनासर, कादरी कॉलोनी, चौधरी कॉलोनी तथा रामदेव कॉलोनी जैसे क्षेत्र जलभराव की संभावना के कारण स्वास्थ्य विभाग की विशेष निगरानी में हैं। इन क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए नियमित सर्वे, एंटी लार्वा गतिविधियां और जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता के नेतृत्व में 25 टीमों ने गंगाशहर क्षेत्र में घर-घर सर्वे, एंटी लार्वा गतिविधियां एवं सोर्स रिडक्शन अभियान संचालित किया। अभियान का संचालन सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक व्यास, नर्सिंग अधिकारी विजय सिंह तथा अजय भाटी द्वारा किया गया।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि विशेष अभियान में राजीव गांधी नर्सिंग कॉलेज, एमएन नर्सिंग कॉलेज, कोठारी नर्सिंग स्कूल व सावित्रीबाई नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टीमों द्वारा 789 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान 250 से अधिक पेयजल संग्रहण पात्रों में टेमीफॉस डाला गया तथा जहां भी रुका हुआ पानी मिला वहां एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया।

सोर्स रिडक्शन गतिविधियों के तहत टीमों ने घर-घर जाकर आमजन को कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमलों की ट्रे तथा अन्य जल संग्रहण पात्रों की नियमित सफाई करने का प्रशिक्षण दिया। साथ ही छतों पर पड़े अनुपयोगी कबाड़ एवं वर्षा जल एकत्र करने वाले सामान को हटाने के लिए प्रेरित किया गया। सार्वजनिक स्थलों एवं पार्कों में पक्षियों के परिंडों को रगड़कर साफ किया गया तथा उनमें स्वच्छ पानी भरा गया, ताकि वे डेंगू मच्छरों की हैचरी न बन सकें।

अभियान के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने आमजन को डेंगू से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति को बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत निकटतम शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा जनता क्लीनिक में जांच करवाएं तथा चिकित्सक के परामर्श से ही दवाइयों का सेवन करें। साथ ही प्रत्येक सप्ताह ड्राई डे मनाकर घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील भी की गई।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *