बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


दीपावली पर्व समीप है, ऐसे में मिठाई और नमकीन विक्रेता अधिक मुनाफ कमाने के लालच में मिलावटी आइटम बेच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इन पर पैनी निगाह रख रहा है, इसके बावजूद खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल चल रहा है। खाद्य सुरक्षा की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हजार किलो खीचिए सीज किए और फलौदी से आ रहे 1330 किलो मावे को नष्ट कराया।

शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ.टी शुभमंगला के निर्देश अनुसार दीपावली को देखते हुए 6 से 19 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि शुक्रवार को जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मैसर्स एस एंटरप्राइजेज, करनी इंडस्ट्रीयल एरिया में निरीक्षण और नमूनीकरण की कारवाई की।

फैक्ट्री के निरीक्षण के दौरान सादा एवं रंगीन बनाए हुए खीचिए प्लास्टिक के कट्टों में रखे थे। मौके पर 4 नमूने लिए गए तथा 120 कट्टों में रखे 3 हजार किलोग्राम खीचिए सीज किए गए। खाद्य कारोबारकर्ता को खींचियों में 100 पीपीएम से अधिक कलर इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया और साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया गया।




डॉ. साध ने बताया कि गुरुवार को फलोदी से आई मावे की पिकअप वाली कार्रवाई को आगे बढ़ते हुए कुल 7 नमूने लिए गए तथा शेष 1330 किलोग्राम मावे के मालिक के नहीं आने तथा गुणवत्ता में कमी के मध्यानजर मावे को आबादी से दूर जनहित में नष्ट करवाया गया। लिए गए नमूनों को जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। उक्त कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार तथा राकेश गोदारा शामिल थे।







