रावण दहन कार्यक्रम में हजारों लोगों के जुटने की संभावना, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव और रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रशासन, बीकानेर दशहरा समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज स्टेडियम का दौरा किया। इस दौरान सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) रीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ मौजूद रहे। वहीं दशहरा समिति की ओर से सुनीत झांब , वीरेंद्र चावला, मुकेश धीरिया, सीए सुधीश शर्मा एवं प्रेम तनेजा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। स्टेडियम प्रभारी एवं खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष ने भी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी।
संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में लगभग 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
दशहरा समिति के सदस्यों ने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से अपेक्षित भीड़ के अनुरूप पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने का अनुरोध किया, ताकि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियों को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया, जिससे बीकानेर का दशहरा उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।





