रेलवे : अपर मंडल रेल प्रबंधक ने लिया चूरू स्टेशन का जायजा, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा है काम - Nidar India

रेलवे : अपर मंडल रेल प्रबंधक ने लिया चूरू स्टेशन का जायजा, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा है काम

 बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बीकानेर मंडल के स्टेशनों की सूरत बदल रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे के चूरू के स्टेशन पर इन दिनों कार्य प्रगति पर है। चूरू स्टेशन पर 19.83 करोड़ की लागत पुनर्विकास कार्य चल रहा है। मंगलवार को बीकानेर अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार ने कार्य का जायजा लिया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि स्टेशन पर पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और लगभग 89% कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके तहत स्टेशन भवन के समरूप में बड़े स्तर पर सुधार कार्य, स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान का कार्य, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में सौंदर्य करण, दोपहिया, चौपहिया
वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस रिटायरिंग रूम आदि में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स लगाए जाएंगे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया  कि उपरोक्त कार्यों के अलावा सौंदर्यकरण के लिए एलइडी लाइटिंग भी की जाएगी। सभी सुविधाओं का दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाने के लिए उपयुक्त साइनेज भी लगाया जायेगा। इस स्टेशन पर कला एवं संस्कृति का समन्वय करते हुए दीवारों एवं छतों पर आकर्षक पेंटिंग भी की जाएगी।

इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली में सुधार के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलइडी स्क्रीन्स तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी लगाया जाएगा। चूरू स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा पैदल पुल भी बनाया जा रहा है एवं इसका 80% कार्य पूरा कर लिया गया है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 9.01 करोड़ रुपए है।

स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था, सुगम,निर्बाध एवं निरंतर तकनीकी रेल कार्यों के संचालन के लिए हरित ऊर्जा उत्पादन सोलर ऊर्जा प्लांट भी स्थापित किया जाएगा । इसके लिए 18 लाख की लागत से 40 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।

अपर मंडल प्रबंधक ने निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए एवं बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इस स्टेशन के पुनर्विकसित होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी,आवागमन सुगम होगा एवं व्यापारी वर्ग भी लाभान्वित होगा। स्टेशन के पुनर्विकास से स्थानीय कारीगर एवं मजदूरों को रोजगार मिला है जिससे उनकी आय बढ़ी है।
स्टेशन के पुनर्विकसित होने से पर्यटन,स्थानीय हस्तशिल्प कला आदि को बढ़ावा मिलेगा जिससे क्षेत्र की लोकप्रियता बढ़ेगी और साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस प्रकार स्टेशन के पुनर्विकास से क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी होगा।

इस दौरान बीकानेर अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, डिप्टी कंस्ट्रक्शन विजय सिंह मीणा सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *