सांस्कृतिक : चार दिवसीय मरू महोत्सव का आगाज, भरत बोहरा बने मिस्टर पोकरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां... - Nidar India

सांस्कृतिक : चार दिवसीय मरू महोत्सव का आगाज, भरत बोहरा बने मिस्टर पोकरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां…

जयपुरNidarIndia.com विश्व विख्यात मरू महोत्सव का गुरुवार को जैसलमेर जिले के पोकरण से भव्य शुभारम्भ हुआ। चार दिवसीय महोत्सव का आगाज पोकरण के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित समारोह में अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद और जिला कलेक्टर टीना डाबी ने गणेश प्रतिमा पर माला अर्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। साथ ही रंग—बिरंगे बैलून आसमान में छोड़े।

बोहरा तीसरी बार मिस्टर पोकरण…

महोत्सव में सर्वाधिक रोचक प्रतियोगिता मिस्टर पोकरण में 7 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में भरत बोहरा तीसरी बार मिस्टर पोकरण चयनित हुए। वहीं महिलाओं के लिए सर्वाधिक आकर्षक प्रतियोगिता मिस पोकरण में नियति शर्मा मिस पोकरण चयनित हुई। प्रतियोगिता को लेकर बालिकाओं में काफी उत्साह देखा गया। इस प्रतियोगिता में कुल 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

महोत्सव में कई प्रतियोगिताएं रोचक रही जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। महिलाओं की मटका रेस में 12 महिलाओं ने भाग लिया। उसमें से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गंगा देवी विजेता रही। इसी प्रकार साफा बांध प्रतियोगिता में 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें दुर्जन सिंह भाटी विजेता रहे।

पुरुषों और महिलाओं के बीच हुई रस्साकशी काफी रोचक रही। महिला वर्ग में आंगनबाड़ी महिलाओं बनाम जिम की महिलाओं के मध्य रस्साकशी हुई। दोनों टीमों ने रस्साकशी में अपना भरपूर दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता में जिम टीम विजेता रही। इसी प्रकार पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता में कपिल बनाम भंवरलाल की टीम के मध्य प्रतियोगिता हुई जिसमें कपिल की टीम विजेता रही।

महोत्सव के दौरान विश्व विख्यात कलाकारों के साथ ही अन्य लोक कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस मौके पर गुण सार लोक संगीत संस्थान के कलाकारों की ओर से ‘केसरिया बालम पधारो नी म्हारे देश…, कालियों कूद पडिय़ो मेला में… सरीखे लोक गीतों की चिताकर्ष प्रस्तुतियां दी। इन गीतों पर कालबेलिया नृत्यांगना ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी लोकगीतों पर शानदार लेजियम की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर पद्मश्री लाखे खान एंड पार्टी ने ‘दमा दम मस्त कलंदर’ गीत की प्रस्तुति पेश कर सभी को मोहित किया। पोकरण के रावताराम ने भवाई नृत्य की शानदार प्रस्तुति से सभी की खूब तालियां बटौरी। साथ ही लोक कलाकारों ने नुकीली कीलो व तलवार पर नृत्य और शारीरिक संतुलन का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान उर्मिला ने मराठी गीत पर भव्य नृत्य पेश किया। इस दौरान जलाल खान ने ‘गोल गोल लाडू पताशा शक्करपारा’गीत की प्रस्तुति दी। वहीं छात्राओं ने तेरहताली नृत्य पेश किया। अल्पसंख्यक मामलात मंत्री एवं जिला कलेक्टर ने विजेताओं एवं लोक कलाकारों को ताज पहनाकर, मोमेंटो, स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, कमांडेंट बीएसएफ सहित अन्य उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *