बीकानेर,निडर इंडिया न्यूज।

दीपावली का पर्व समीप आ रहा है, ऐसे में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने बोनस और वेतन जल्दी देने की मांग उठाई है।

शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य और कोषाध्यक्ष नवरतन जोशी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और उच्चाधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से एक ज्ञापन भी भेजा है। इसके जरिए बताया गया है कि प्रदेश के कर्मचारियों के बोनस, दीपावली से पूर्व वेतन, डी.ए., ग्रेच्युटी, कॉम्यूटेशन, जीपीएफ, एसआई, समर्पित अवकाश और सभी लंबित भुगतानों का तुरंत निस्तारण किया जाए। प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने कहा कि दीपावली का पर्व नजदीक है, ऐसे में कर्मचारियों को समय पर भुगतान मिलना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से ज्ञापनों पर तुरंत प्रभाव से कार्यवाही कर मंत्रालयिक संवर्ग के हित में सकारात्मक आदेश जारी करने की मांग की है।
साथ ही संस्थापन, प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों की वर्ष 2026-27 की नियमित डीपीसी, वर्ष 86 के कार्मिकों की वरिष्ठता निर्धारण तथा बकाया समस्त रिव्यू डीपीसी अविलंब कराने की मांग भी ज्ञापन में उठाई गई है।





