बीकानेर : रेज़ एक्सपर्ट्स फाउंडेशन ने बीकानेर में विकसित किया सामुदायिक पार्क, 500 से अधिक पुलिस परिवारों को मिलेगा लाभ

बीकानेर, निडर इंड़िया न्यूज। 

रेज़ पावर एक्सपर्ट्स लिमिटेड की सीएसआर इकाई रेज़ एक्सपर्ट्स फाउंडेशन की ओर से करणी नगर स्थित पुलिस कॉलोनी में विकसित सामुदायिक पार्क का लोकार्पण विजयादशमी के पावन अवसर पर किया गया।
पार्क का लोकार्पण रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने किया। इस अवसर पर बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे।

लगभग 43,725 वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित इस पार्क में हरित क्षेत्र, पौधारोपण, वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। परियोजना के अंतर्गत वर्षा जल एवं अन्य जल स्रोतों के संग्रहण में उपयोगी 10,000 लीटर क्षमता की भूमिगत जल संग्रहण टंकी का निर्माण भी किया गया है।


यह पार्क पुलिस कॉलोनी में रहने वाले 400 से अधिक परिवारों के लिए एक बेहतर, स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसे बीकानेर में पुलिस कॉलोनी के लिए अपनी तरह की एक अनूठी पहल के रूप में देखा जा रहा है।


लोकार्पण समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। पुलिस परिवारों की बेटियों ने अतिथियों का स्वागत गुलदस्ते, साफा एवं तिलक के साथ किया। इसके बाद अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर वहां विकसित सुविधाओं का अवलोकन किया।

इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राहुल गुप्ता एवं निधि गुप्ता के प्रयासों की प्रशंसा की तथा पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में इस प्रकार के कार्य निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर रुखसार सय्यद, सीएसआर लीड, रेज़ एक्सपर्ट्स फाउंडेशन ने कहा, “हमारा मानना है कि सतत विकास का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदाय के जीवन को बेहतर बनाने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। करणी नगर पुलिस कॉलोनी में इस पार्क का विकास पुलिस परिवारों, विशेषकर बच्चों, के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमें खुशी है कि इस पहल के माध्यम से 500 से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।”

इस परियोजना एवं लोकार्पण समारोह को सफल बनाने में निधि गुप्ता, डायरेक्टर, प्रतापसिंह डूडी, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सलाहकार, सीमा शर्मा, हेड -ऑपरेशंस, कपिल तोमर, डीजीएम ऑपरेशंस, कालूसिंह राजवी, एडमिन एवं सिक्योरिटी मैनेजर, भूपेंद्र भारद्वाज, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता, अब्दुल समद, लाइज़निंग ऑफिसर – ऑपरेशंस; तथा पंकज शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रेज़ एक्सपर्ट्स फाउंडेशन राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता तथा सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न सीएसआर पहलों के माध्यम से समाज के सतत विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *