आस्था : निर्जला एकादशी पर ठाकुरजी को कराया नौका विहार, द्वारकाधीश मंदिर में उमड़े श्रद्धालु - Nidar India

आस्था : निर्जला एकादशी पर ठाकुरजी को कराया नौका विहार, द्वारकाधीश मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

बिस्सा चौक स्थित पुष्टिमार्गीय द्वारकाधीश मंदिर में गुरुवार को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर भव्य नौका विहार मनोरथ का आयोजन किया गया। इस दौरान ठाकुर जी श्री द्वारकाधीश का आकर्षक और अलौकिक श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी की प्रतिमा को नौका में विराजमान कराया गया। मनोरथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में तांता लगा।
मंदिर में इस अवसर पर विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।

पुजारी माधव दत्त व्यास ने ठाकुर जी का मनोहारी श्रृंगार कर सुंदर पोशाकें धारण कराईं तथा विशेष भोग अर्पित किया। इसके पश्चात आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर मुखिया दुर्गादत्त व्यास ने बताया कि वैष्णव परंपरा में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। इसी के उपलक्ष्य में नौका विहार मनोरथ का आयोजन किया गया, जिसमें ठाकुर जी को नौका में विहार कराया गया। उन्होंने बताया कि भगवान के इस मनोरथ के दर्शन को अत्यंत शुभ एवं फलदायी माना जाता है।

आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया। विशेष रूप से तैयार की गई नौका श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। नौका में विराजमान ठाकुर जी की छवि ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति रस से ओतप्रोत पद एवं कीर्तन प्रस्तुत कर ठाकुर जी को रिझाया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं आयोजन में नीरज व्यास, माधव दत्त व्यास, सन्नू सहित  श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

एकादशी पर बिस्सा चौक में एक घर में ठाकुरजी की शृंगारित प्रतिमा और नौका विहार दर्शन।
Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *