कृषि : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी, वीसी से जुड़े काश्तकार - Nidar India

कृषि : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी, वीसी से जुड़े काश्तकार

केवीके बीकानेर में किसान जागरूकता व संवाद कार्यक्रम आयोजित

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करने के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बीकानेर में शनिवार को किसान जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा तथा कृषि एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में कुलगुरु डॉ. आर. बी. दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक सुदृढ़ता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से कृषि में आधुनिक तकनीकों को अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि को लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. दुबे ने किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, बागवानी, कृषि वानिकी, मधुमक्खी पालन एवं अन्य कृषि आधारित उद्यमों को जोड़कर किसान अपनी आय के स्रोतों में वृद्धि कर सकते हैं तथा कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने फसल विविधीकरण को समय की आवश्यकता बताया तथा किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ दलहनी, तिलहनी एवं अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी।

निदेशक प्रसार शिक्षा, डॉ दीपाली धवन ने किसानों से कृषि विस्तार कार्यक्रमों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी तथा केवीके से निरंतर जुड़े रहने की बात कही ।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल रेगर ने स्वागत उद्बोधन में अग्रिम पंक्ति प्रदर्शनों, प्रशिक्षणों सहित केवीके की गतिविधियों की जानकारी दी। सहायक आचार्य डॉ. सुशील कुमार ने किसानों को खरीफ फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन, उन्नत किस्मों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं कीट-रोग प्रबंधन संबंधी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में कानासर, पेमासर, बदरासर एवं भरू गांवों के करीब 100 किसानों ने सहभागिता की। किया गया अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन इस अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत संचालित समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के अंतर्गत मूंग की उन्नत किस्म एमएच-1142 का प्रदर्शन किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किस्म की विशेषता , उन्नत उत्पादन क्षमता, फसल प्रबंधन तकनीकों, बीज उपचार, पोषक तत्व प्रबंधन एवं कीट-रोग नियंत्रण के बारे में जानकारी दी।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *