बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
बीकानेर में व्हेल मछली की उल्टी के नाम से मशहूर दुर्लभ पदार्थ एम्बरग्रीस की अवैध ट्रेडिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोटगेट थाना पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस और जोनल इंटेलिजेंस की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े 650 ग्राम एम्बरग्रीस जब्त है। पुलिस के मुताबिक जब्त एम्बरग्रीस की कीमत 65 लाख से एक करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है। मामले में तीन युवकों को पकड़ा गया है, जिनमें दो नाबालिग हैं।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि इस संयुक्त कार्रवाई में एम्बरग्रीस की अवैध ट्रेडिंग का मामला पकड़ा गया है। तीनो लोगों को रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया गया है जो रत्नागिरी महाराष्ट्र से पैकेट लेकर बीकानेर देने आए थे।
इसमें एक युवक रहमान है जबकि दो नाबालिग है। बरामद माल की अवैध बाजार कीमत करीब 65 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। एम्बरग्रीस एक समुद्री जीव से जुड़ा प्राकृतिक पदार्थ है और इसका इस्तेमाल परफ्यूमरी सहित कुछ इंडस्ट्रीज में किया जाता है।
इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मांग और ऊंची कीमत के चलते इसकी अवैध ट्रेडिंग भी की जाती है। फिलहाल इनके खिलाफ वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप बीकानेर में एक व्यक्ति को डिलीवर की जानी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी महाराष्ट्र के हैदर नाम के व्यक्ति के संपर्क में थे। फिलहाल पुलिस हैदर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
