निकाय चुनाव : नगर निगम के 79 सदस्यों के लिए बुधवार को होंगे निर्वाचन

 गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हुए मतदान दल

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

नगरीय निकाय आम चुनाव के प्रथम चरण में बीकानेर नगर निगम के सदस्य पद के लिए बुधवार को होने वाले मतदान के लिए 448 मतदान दल मंगलवार को राजकीय पालिटेक्निक महाविद्यालय से गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक  मृदुल कच्छावा ने पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों से भयमुक्त रहकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से मतदान प्रक्रिया सम्पादित करवाने के निर्देश दिए। नगर निगम के 79 वार्डों के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक 448 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करवाते हुए सौंपें गये दायित्व पूर्ण करें। किसी भी प्रकार के दबाव या भय से मुक्त रहकर कार्य करें। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने सक्षम अधिकारी को तुरंत प्रभाव से सूचित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्मिक पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान दलों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं व सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। रवानगी से पहले सभी मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया तथा आवश्यक मतदान सामग्री दल प्रभारियों को सौंपी गई। पहले चरण के लिए 448 मतदान दल रवाना हुए हैं। प्रत्येक दल में एक पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय सहित कुल चार कार्मिकों को शामिल किया गया है। संवेदनशील मतदान दलों के साथ वीडियोग्राफर दल भी रवाना किए गए हैं। संबंधित प्रकोष्ठ को आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक  मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात किया गया है। निष्पक्ष और भयमुक्त निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग पूर्ण मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त  स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी  उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी  महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, एडीएम (सिटी) रीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *