बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
पांचू थाना क्षेत्र में बीते दिनों एटीएम कैश वैन से हुई 51 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पांचू पुलिस ने इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 46 लाख रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सात दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस दोनों से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड, बीकानेर के ब्रांच मैनेजर आदित्य रावत ने पांचू थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कंपनी विभिन्न बैंकों से नकदी प्राप्त कर एटीएम में कैश लोड करने का कार्य करती है।
5 अगस्त को कंपनी की टीम कैश लेकर सारुण्डा के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब तीन बजे सारुण्डा से 5-7 किलोमीटर पहले सारुण्डा रोड पर पीछे से बिना नंबर की कैंपर गाड़ी आई। कैंपर से 2-3 युवक नीचे उतरे और चालक के सिर पर बंदूक तानकर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने हथियारों के बल पर कैश वैन में रखे कैश बॉक्स को लूट लिया और मौके से फरार हो गए। कैश बॉक्स में करीब 51 लाख रुपए थे। रिपोर्ट पर पांचू थाने में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्यामसुंदर पुत्र उदाराम, निवासी स्वरूपसर, थाना पांचू और विक्रमसिंह पुत्र शिवपालसिंह, निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी, नोखा को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गांव दावा की रोही से लूटे गए 46 लाख रुपए बरामद कर लिए।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन और नोखा वृत्ताधिकारी जरनैलसिंह के निकट सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पूनिया के नेतृत्व में की गई। टीम में पप्पूलाल सउनि, संतोषनाथ सउनि, राणाराम हैड कांस्टेबल, धनाराम कांस्टेबल और सुनील कुमार कांस्टेबल शामिल रहे।






