बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को शहर में कई कार्यक्रम होंगे। शिवबाड़ी स्थित लालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजन-अनुष्ठान होंगे। गुरु-शिष्य परम्परा का निर्वाह किया जाएगा। शिवालयों में अभिषेक पूजन होंगे। कल सावन माह का शुभारंभ होगा।
प्रदेश में 516 संतों का होगा सम्मान…
देवस्थान विभाग की ओर से प्रदेश के समस्त जिलों में 516 संतों-महंतों सहित जिले के 13 प्रमुख संतों एवं महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले ‘गुरु वंदन संदेश’ कार्यक्रम के तहत संतों-महंतों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘गुरु वंदन संदेश’, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई तथा ₹2,100 की सम्मान राशि भेंट कर श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया जाएगा।
देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा ने बताया कि विभागीय अधिकारी विभिन्न आश्रमों, मठों एवं मंदिरों में पहुंचकर संतों-महंतों का अभिनंदन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री का संदेश भी उन्हें भेंट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीकानेर जिले में महंत रामदयालजी महाराज, राजगुरु आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानन्द जी भारती महाराज (श्री पंच मंदिर धूणी नाथजी), महंत संवित विमर्शानन्द गिरी (मंदिर श्री लालेश्वर महादेव शिववाड़ी), रामेश्वरानन्दजी दाताश्री महाराज (देवीकुण्ड सागर), अशोकानन्दजी महाराज (जागिरीधाम, कोलायत), चंद्रशेखर भजनदास जी महाराज (भेलू), फक्कड़नाथजी (सालमनाथजी का धोरा, नोखा), बीरबलनाथजी (जसनाथजी महाराज, कतरियासर), विश्वनाथजी (शिवमढ़ी, छत्तरगढ़), मोनी बाबा (बड़ा गुसाईंसर), सोमनाथजी (जसनाथजी, लिखमादेसर), पीठाधीश्वर रामानंदजी महाराज (गुरु जम्भेश्वर धाम, मुकाम) तथा क्षमारामजी महाराज (रामद्वारा, सिंहथल) का सम्मान किया जाएगा।
सोनिया रंगा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम पूर्ण श्रद्धा, गरिमा एवं परंपरागत सम्मान के साथ आयोजित किया जाएगा।
शिवबाड़ी में परम्परा के अनुसार मनाया जाएगा पर्व…
शिवबाड़ी में गुरु पर्व परम्परा के अनुसार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 07:30 बजे: श्री गुरु मंदिर में पूजा-अर्चना होगी।
प्रातः 09:00 बजे: गुरु मंडल में अभिषेक, अर्चना एवं शास्त्र-पाठ
प्रातः 10:00 बजे: स्वामी श्री विमर्शानन्दगिरिजी महाराज के प्रवचन
प्रातः 10:30 बजे: सामूहिक श्री गुरु-पूजन
दोपहर 12:00 बजे: महाप्रसाद का आयोजन होगा।






