रेलवे : यात्री सुरक्षा ही प्राथमिकता, डीआरएम के निर्देशन में चल रहा है फायर सेफ्टी अभियान - Nidar India

रेलवे : यात्री सुरक्षा ही प्राथमिकता, डीआरएम के निर्देशन में चल रहा है फायर सेफ्टी अभियान

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल यात्री सुरक्षा को लेकर सक्रिय है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में  सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान संचालित किया जाता है।

इसी अभियान के तहत जुलाई माह (2026) में यात्री गाड़ियों, विशेष ट्रेनों (एक्सप्रेस, मेल आदि) पैंट्रीकार, पावरकार तथा संबंधित रेलवे परिसरों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच एवं अनुपालन की जा रही है।
अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नया अथवा प्रयुक्त लिनेन कोचों के मार्ग, वेस्टिब्यूल, विद्युत पैनलों, आपातकालीन निकास मार्गों अथवा निर्धारित भंडारण स्थल के अतिरिक्त कहीं भी न रखा जाए। अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास एवं आवागमन मार्ग पूरी तरह अवरोधमुक्त रहे ताकि आग लगने की स्थिति में आसानी से यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा सके।
मंडल पर रेलवे अधिकारियों की ओर से एसी कोचों में स्थापित फायर एवं स्मोक डिटेक्शन सिस्टम (FSDS) और पैंट्रीकार, पावरकार में लगे फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम (FDSS) की कार्यशीलता का विशेष रूप से परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही विद्युत पैनलों, एमसीबी, फ्यूज, वायरिंग एवं अन्य विद्युत उपकरणों की भी गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से बचा जा सके।

अभियान के तहत पार्सल बुकिंग कार्यालयों में प्रतिबंधित और ज्वलनशील सामग्री की रोकथाम अर्थात इनकी बुकिंग नहीं करने, पैकिंग मानकों के अनुपालन, ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों पर धूम्रपान निषेध के पालन और यात्री गाड़ियों में गैस सिलेंडर, विस्फोटक एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के अनधिकृत परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त स्टेबलिंग के दौरान कोचों एवं रेकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लॉक कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर सहित सभी शाखाधिकारियों को निर्देशित किया है कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली किसी भी असुरक्षित स्थिति का तत्काल निराकरण किया जाए।

रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेन में धूम्रपान न करें। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न केवल कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि इससे अन्य यात्रियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और आग लगने जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी यात्री नियमों का पालन करें तथा धूम्रपान मुक्त रेलवे परिसर बनाने में अपना सहयोग दें।

गौरतबल है कि बीकानेर रेल मंडल स्टेशन और ट्रेनों में धूम्रपान को लेकर सख्त है, बीकानेर मंडल रेलवे सुरक्षा बलों ने इस वित्तीय वर्ष में 30 जून तक 34 मामले दर्ज कर 6100 रूपये का जुर्माना वसूला है। मंडल के वाणिज्य विभाग ने भी इस वित्तीय वर्ष में 30 जून तक 124 केस दर्ज कर 24800 रुपये का जुर्माना वसूला है।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *