पहल : नापासर में पांच करोड़ की लागत से बनेगा विद्यालय भवन, सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चेरिटेबल ट्रस्ट आया आगे - Nidar India

पहल : नापासर में पांच करोड़ की लागत से बनेगा विद्यालय भवन, सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चेरिटेबल ट्रस्ट आया आगे

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  सुमित गोदारा ने किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास

पचास लाख रुपए की लागत से बनेगी अत्याधुनिक लाइब्रेरी

 बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  सुमित गोदारा ने शनिवार को नापासर स्थित महात्मा गांधी सुगनचंद गंगाविशन बाहेती राजकीय विद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण करवाया जाएगा।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में शैक्षणिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा अत्याधुनिक तकनीकी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शैक्षणिक सुविधाओं के विकास में भामाशाहों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। यहां के अनेक भामाशाहों और दानदाताओं ने विद्यार्थियों के लिए भरपूर सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट के इस योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। यह कस्बे के हजारों बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा।

गोदारा ने कहा कि अर्जित धन का उपयोग समाज सेवा के लिए करना अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने यहां यह 50 लाख रुपये की अत्याधुनिक सुविधा युक्त लाइब्रेरी बनाने की घोषणा की। इसमें 25 लाख रुपये विधायक निधि तथा 25 लाख रुपये नगर पालिका की ओर से व्यय किया जाएगा। श्री गोदारा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए यह लाभदायक रहेगी।

मंत्री गोदारा ने कहा कि कस्बे के राजीव गांधी स्टेडियम की सुविधाओं में विकास किया जाएगा, जिससे युवाओं को इसका और अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा की अनुपालना में नापासर में 40 करोड़ रुपये की लागत से उपजिला अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि आवंटन हो चुका है।

शीघ्र ही निविदा जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में 500 रोड लाइट्स लगाई गई हैं। शीघ्र ही 500 लाइटें और लगाई जाएंगी। दीपावली तक नगर पालिका को 80 लाख रुपये की जेट मशीन भी उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कस्बे में करोड़ों रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। शीघ्र ही यह सभी कार्य पूर्ण करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

31 जुलाई को नापासर में होगी जनसुनवाई

इस अवसर पर मंत्री गोदारा ने बताया कि 31 जुलाई को सुबह 11 से सायं 5 बजे तक नगर पालिका नापासर में जनसुनवाई आयोजित होगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा राजधानी के अलावा जिला, ब्लॉक, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक नियमित जनसुनवाई की जा रही है। इस दौरान प्राप्त होने वाले प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करवाया जा रहा है।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *