बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


ग्रामीण सेवा शिविर, किसानों और पशुपालकों के लिए राहत और संबल देने वाला अभियान साबित हो रहा है। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भी देखने को मिला जब पांचू के बंधड़ा गांव की संतु देवी और रेवंती ने शिविर में पहुंचकर अपने दो-दो दुधारू पशुओं का बीमा करवाया।

दोनों ने शिविर प्रभारी और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को अपने आर्थिक हालात की जानकारी दी और कहा कि दुधारू पशुओं के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है, तो उनके परिवार पर भी संकट के बादल छा जाते हैं। ऐसे में विभाग के अधिकारियों ने योजना के बारे में बताया। हाथोहाथ आवेदन करवाया।

आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की और दोनों को उनके दुघारू पशुओं की बीमा का प्रमाण पत्र सौंप दिया। यह बीमा पूर्णतया निःशुल्क किया गया तथा भविष्य में पशुओं के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होने पर उन्हें चालीस हजार रुपए प्रति पशु के हिसाब से बीमा राशि मिलेगी, जो कि संकट के दौर में उन्हें संबल देगा। दोनों ने राज्य सरकार की इस पहल का आभार जताया।










