प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर पेड न्यूज की पहचान और निगरानी के संबंध में विशेषज्ञों ने दी जानकारी

बीकानेर,निडर इंडिया न्यूज।
पंचायत आम चुनाव 2026 को देखते हुए पेड न्यूज पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ वाई.बी. माथुर, सुरेन्द्र राठी एवं प्रोफेसर विपिन सैनी ने कार्मिकों को पेड न्यूज की पहचान, निगरानी तथा निर्वाचन के दौरान मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों के परीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के प्रभारी उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर पेड न्यूज की निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित होने वाली चुनाव संबंधी सामग्री पर सतर्कता से नजर रखने तथा संदिग्ध समाचारों का नियमानुसार परीक्षण करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिला स्तरीय मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने भी पेड न्यूज से संबंधित प्रावधानों एवं निगरानी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित होने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखने तथा पेड न्यूज के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक जनसंपर्क अधिकारी निकिता भाटी सहित मीडिया प्रकोष्ठ के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी बृजेन्द्र सिंह,
सूचना सहायक आनंद सिंह बिदावत, वरिष्ठ सहायक परम नाथ सिद्ध, कनिष्ठ सहायक हेमराज बिजारणिया एवं राकेश डुकिया तथा कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू कच्छावा सहित कार्यालय के अन्य कर्मियों ने भी सहभागिता की।





