अंतिम दिन महानंद महादेव मंदिर में हुआ पितरों के निमित हवन, श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

पितरों की तृप्ति के लिए बीते एक पखवाड़े चल रहे पितर तर्पण अनुष्ठान की आज पूर्णाहुति हुई। पितर अमावस्या के अवसर पर आज हेमाद्री संकल्प, दस विधि स्नान के बाद तर्पण शुरू कराया गया। कर्मकांड़ी पंड़ित नथमल पुरोहित के शिष्य पंड़ित गोपाल ओझा के सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धरणीधर तालाब पर एक पखवाड़े तक तर्पण अनुष्ठान में भाग लिया था।

आज शनिवार को अमावस्या के दिन सुबह दो पारियों में हेमाद्री संकल्प के साथ तर्पण कराया गया। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से महानंद महादेव मंदिर परिसर की यज्ञशाला में पितरों के निमित हवन का आयोजन किया गया।
जहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं में हवन में आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर करीब दो बजे तक चले हवन के बाद महा आरती हुई। इसके बाद पंचामृत का प्रसाद पंड़ित गोपाल जी ओझा ने वितरण किया। वहीं धरणीधर तालाब के दूसरे छोर पर पंड़ित नवरतन व्यास के सान्निध्य में तर्पण अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई।
अल सुबह हुआ अभिषेक…

इससे पूर्व अल सुबह चार बजे से धरणीधर महादेव मंदिर में पूजा-अभिषेक किया गया। इसमें बड़ी संख्या में आस्थावान श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का दुग्धाभिषेक किया। शृंगार के बाद पूजा-आरती की गई।
यहां भी हुआ आयोजन…

कनूमण्डल की ओर से राधा गार्डन में सुबह पितरों को तर्पण कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पितृ यज्ञ किया गया। प्रवक्ता अशोक पुरोहित ने बताया यज्ञ में भगवान श्रीगणेश षोषड मातिका रूद देवता, भेरू नवग्रह, पितरों के पूजन, विष्णु पूजन के साथ विष्णु महायज्ञ पंड़ित जय प्रकाश ओझा के सानिध्य में किया गया। यज्ञ में कनूमण्डल के कन्हैया लाल रंगा ने सपत्नीक मुख्य यजमान थे। कार्यक्रम में अशोक पुरोहित, बृजू पुरोहित, केके छंगाणी, सागर सा, ललिया चूरा सूर्यकान्त व्यास, कालिया रंगा, श्रीगोपाल पुरोहित, किसन स्वामी, अशोक ओझा आदि ने पितरों तर्पण यज्ञ कर आशीर्वाद लिया। शहर में कई स्थानों पर तर्पण के अनुष्ठान हुए।
ऋषिकेश में पंड़ित नथमल जी पुरोहित के सान्निध्य में हुई पूर्णाहुति…

कर्मकांड़ी पंड़ित नथमल जी पुरोहित के सान्निध्य में ऋषिकेश में एक पखवाड़े चल रहा पितर तर्पण अनुष्ठन की पूर्णाहुति हुई। बीकानेर से गए श्रद्धालुओं ने हेमाद्री संकल्प के साथ तर्पण अनुष्ठठान में भागीदारी निभाई। गौरतलब है कि बड़ी संख्या में पंड़ित नथमल जी पुरोहित के सान्निध्य में बीते एक पखवाड़े से बीकानेर के श्रद्धालु ऋषिकेश में तर्पण कर रहे थे।





