श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नकाबपोश लोगों ने दिया वारदात को अंजाम, 4 नामजद
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
एक तरफ तो सरकार प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए कई तरह के प्रयास कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ दबंग लोग अपने हित साधने के लिए यहां निवेशक कंपनियों के साथ मारपीट कर रहे हैं, कंपनियों के कार्मिकों को डरा-धमका रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला श्रीडूंगरगढ़ में सामने आया है। यहां कुछ नकाबपोश लोगों ने सोलर कंपनी के कार्मिकों का रास्ता रोका और उनसे मारपीट कर धमकाया। पुलिस ने सोलर कंपनी के पीड़ित कार्मिक की ओर से दी गई शिकायत पर 4 नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यपसिंह के अनुसार सी स्कीम जयपुर निवासी अभय राजसिंह ने पुलिस को परिवाद दिया है। जिसमें उसने पुलिस को बताया है कि वह एचजी इन्फ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड सोलर कंपनी में अधिकर्ता के रूप में कार्य कर रहा है। उनकी हथाना सोलर साइट श्रीडूंगरगढ़ में चल रही है।
यहां से ड्यूटी पूरी कर लौट रहे उनकी कंपनी के कर्मचारियों के साथ स्थानीय असामाजिक व्यक्तियों ने रास्ता रोककर गाली गलौच की और मारपीट करते हुए धमकियां दी। परिवादी ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी रामेंश्वरसिंह, दलीपसिंह, ओमसिंह, विनय, दिलीप, दीक्षिप्त आदि गत 4 अक्टूबर को साइट से वापस लौट रहे थे कि रास्ते में चेहरे को कपड़े से ढके हुए अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोका एवं उनके साथ मारपीट कर गाली गलौच किया।
आरोपियों ने आईंदा इस साईट पर आने पर जान से मार देने की धमकी भी दी।
परिवादी ने आरोप लगाया कि श्रवण कुमार गोदारा, रामनिवास गोदारा, प्रकाश गोदारा, राजेंद्र गोदारा आदि ने उन लोगों को भेजा था, यह लगातार कार्य में बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गौरतलब है कि इस वारदात से पहले भी जिले की कई तहसीलों में विशेषतः कोलायत, पूगल, छतरगढ, गजनेर में कई बार सोलर कंपनियों के कर्मचारियों के वहीं के स्थानीय दबंगों द्वारा मारपीट करने, जान से मारने की धमकियां देने के मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए हैं।
सोलर कंपनियों के कार्मिकों के अनुसार यहां के दबंग लोग प्लांट में ठेका लेने, वहां किराए पर लगाने आदि मुद्दों को लेकर सोलर कंपनियों के कर्मचारियों पर दबाव बनाने के उनके साथ मारपीट करते हैं, हाथ – पैर तोड़ने व जान से मारने की धमकियां देते हैं।





