

मंत्रालयिक निदेशालय की अधिसूचना जारी करने की मांग
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ बीकानेर और अखिल राजस्थान बाबू एकता मंच के संयुक्त तत्वावधान में मंत्रालयिक संवर्ग से जुड़ी चार प्रमुख मांगों को उठाया गया। इसको लेकर चार ज्ञापन आज बीकानेर आए सीएम भजन लाल शर्मा को सौंपे गए।
प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य के नेतृत्व में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष गिरजाशंकर आचार्य सहित पदाधिकारियों ने पुष्करणा स्टेडियम के सामने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मंत्रालयिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग की।
ज्ञापन के जरिए बताया गया है कि राजस्थान के मंत्रालयिक संवर्ग के ग्रेड पे 3600 से संबंधित नियमों में संशोधन किए जाए, आरपीएससी से चयनित 86 कार्मिकों की पदोन्नति के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए, मंत्रालयिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति के बाद पदस्थापन काउंसलिंग के माध्यम से करवाने और मंत्रालयिक निदेशालय की स्थापना की अधिसूचना जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य ने कहा कि मंत्रालयिक संवर्ग लंबे समय से इन मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करता रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से ज्ञापनों पर तत्काल प्रभाव से सकारात्मक कार्रवाई करते हुए आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया, ताकि मंत्रालयिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राहत मिल सके।



