बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल कीओर से यात्रियों की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसका यात्री लाभ उठा रहे हैं।

यह सुविधा यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से की गई है। डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा के माध्यम से यात्री स्टेशन परिसर में अपने सामान को सुरक्षित रूप से लॉकर में रख सकते हैं और बिना किसी चिंता के अपने अन्य कार्य कर सकते हैं।

लॉकर के उपयोग के लिए यात्री को अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा, जिसके बाद ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया द्वारा लॉकर को सक्रिय किया जा सकेगा। सुविधा के अंतर्गत ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध है।



इस सुविधा का उपयोग करने के लिए यात्री डिजिटल पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करेंगे। एक बार नाम एवं ई-मेल आईडी सहित पंजीकरण पूर्ण होने के पश्चात यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार लॉकर का आकार (स्मॉल, मीडियम अथवा लार्ज) और उपयोग अवधि (6 घंटे अथवा 24 घंटे) का चयन कर सकेंगे। इसके बाद पैनल पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान करने पर लॉकर का उपयोग प्रारंभ किया जा सकेगा।
सामान वापस प्राप्त करने के लिए यात्री को पुनः अपना मोबाइल नंबर एवं ओटीपी दर्ज करना होगा, जिसके बाद वह अपना सामान सुरक्षित रूप से प्राप्त कर सकेगा।
यह सुविधा न केवल यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि रेलवे की ओर से डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यह आधुनिक सुविधा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सहज यात्रा अनुभव प्रदान कर रही है।







