10 वीं आरएसी बटालियन परिसर में होगा जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे ने ली समीक्षा बैठक


बीकानेर,निडर इंडिया न्यूज।

राज्य सरकार की ओर से “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” का शुभारंभ 25 मई से प्रदेश भर में किया जाएगा। बीकानेर जिले में इस अभियान की शुरुआत जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मुख्य आतिथ्य में 10 वीं आरएसी बटालियन परिसर में किया जाएगा।अभियान के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

सीईओ पांडे ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम की की तैयारी करने और अभियान में कॉलेज, स्काउट-गाइड, अर्धसैनिक बल, पुलिस, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों सहित सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।साथ ही अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से कैप्चर कर पोर्टल पर अपलोड करने के लिए कहा।



सीईओ पांडे ने बताया कि अभियान 25 मई से शुरू होकर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक संचालित होगा। अभियान के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा।
अभियान में लगभग 23 विभागों की सहभागिता रहेगी। विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को जनमानस तक पहुंचाने और प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी होंगे।
जल ग्रहण विकास के एसई महेश कुमार अजाड़ीवाल ने बताया कि सीईओ जिला परिषद के निर्देशानुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा फिल्ड विजिट किया गया।

साथ ही बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रदर्शनियां, जल संरक्षण विषयक विचार संगोष्ठियां, पीपल पूजन एवं अन्य पौधों का रोपण, गाद निकालना, चारागाहों का चिन्हीकरण, जल रिचार्ज की विधियों का प्रचार-प्रसार, नालों एवं जल स्रोतों की सफाई, सड़क किनारे एवं ओरण/चारागाह क्षेत्रों में वृक्षारोपण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, ”जल सेवा” अभियान, प्रभात फेरी, “नो प्लास्टिक डे”, बीज बैंक गतिविधियां, घास बुवाई, किसान चौपाल, लघु सिंचाई योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पौध वितरण, तालाबों की सफाई तथा “जल गौरव सम्मान” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में गैर सरकारी संस्थाओं, धर्मगुरुओं, व्यापारियों, पर्यावरणविदों, प्रोफेशनल्स, जनप्रतिनिधियों एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्तरों पर विचार संगोष्ठियां आयोजित कर सीएसआर (CSR) सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में राजीविका डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विकास से शक्ति सिंह कच्छावा, बीडीए से अधिशासी अभियंता नरेन्द्र मीणा, जिला परिषद के आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी, पीएचईडी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







