राजस्थान : मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार की प्रभावी पहल बना ‘ग्राम रथ अभियान - Nidar India

राजस्थान : मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार की प्रभावी पहल बना ‘ग्राम रथ अभियान

अभियान के पहले सप्ताह जिले की 189 ग्राम पंचायतों के 60 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचाई सरकारी योजनाओं की जानकारी

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के निर्देश पर गांव-गांव तक प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और 23 मई से जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के महत्त्व से अवगत करवाने के लिए जिले में 28 अप्रैल से चल रहा ‘ग्राम रथ अभियान’ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रभावी पहल बन गया है।

अभियान के पहले सात दिनों में जिले की 189 ग्राम पंचायतों के 60 हजार से अधिक महिलाओं और पुरूषों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंची है। अनेक लोगों को मौके पर इन योजनाओं का लाभ मिला है। यह अभियान 12 मई तक अनवरत चलेगा तथा जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचकर इन रथों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

गांव-गांव दिख रहा उत्साह

‘ग्राम रथ अभियान’ के प्रति गांव-गांव में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं मंगल गीत गाकर इन रथों का स्वागत कर रही हैं। कला-जत्थों की प्रस्तुतियों ने इसे उत्सव का रूप दे दिया है। इन जत्थों के कलाकार पारम्परिक और सरल तरीकों से सरकार की योजनाओं के बारे में बता रहे हैं। वहीं अभियान के तहत अब तक सभी संबंधित 13 विभागों के 1 लाख 31 हजार से अधिक पेम्प्लेट्स का वितरण करते हुए योजनाओं के बारे में बताया गया है। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी इसे और अधिक खास बना रही है।

प्रतिदिन हो रहा संध्या चौपाल का आयोजन

अभियान के तहत जिले की पांचों ग्रामीण विधानसभाओं में प्रतिदिन संध्या चौपाल का आयोजन हो रहा है। जहां एक जाजम पर बैठकर अधिकारी-ग्रामीण परस्पर संवाद करते हैं तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो रहा है। रथों के साथ रखी गई ‘सुझाव पेटिका’ के माध्यम से द्वारा प्रतिदिन सुझाव दिए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा इनका नियमित संधारण किया जा रहा है। कुल मिलाकर यह अभियान ग्रामीणों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है।

अब तक इस प्रकार रही आमजन की भागीदारी

‘ग्राम रथ अभियान’ के पहले दिन 28 अप्रैल को 26 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम हुए। इनमें 5 हजार 282 लोगों की भागीदारी रही। इसी प्रकार 29 अप्रैल को 26 स्थानों पर 7 हजार 634, 30 अप्रैल को 28 स्थानों पर 8 हजार 456, 1 मई को 27 स्थानों पर 9 हजार 109, 2 मई को 28 स्थानों पर 9 हजार 465, 3 मई को 26 स्थानों पर 10 हजार 830 तथा 4 मई को 28 स्थानों पर 9 हजार 576 लोगों सहित कुल 189 स्थानों पर हुए आयोजनों में 60 हजार 412 ग्रामीणों की भागीदारी रही।

-हरि शंकर आचार्य
उपनिदेशक (जनसंपर्क)

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *