बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।





नगर के ख्यातिनाम उद्योगपति और बीकाजी ग्रुप चेयरमैन शिवरतन अग्रवाल(फन्ना बाबू) का आज चैन्नई में निधन हो गया। बीकानेरी भुजिया को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाले फन्ना बाबू का यूं चले जाना व्यापार जगत के लिए अपूरणी क्षति है। उनके देवलोक गमन के समाचार मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
फन्ना बाबू की पहचान वरिष्ठ उद्यमी के साथ ही एक भामाशाह के रूप में भी थी। वो खास व्यक्तित्व के साथ ही मधुर व्यवहार के लिए भी जाने जाते हैं। कई व्यापारिक संगठनों और आमजन ने उनके निधन पर संवेदना जताई है। गौरतबल है कि बीकाजी ब्रांड के माध्यम से उन्होंने बीकानेर का नाम देश-विदेश में रोशन किया, साथ ही हजारों लोगों को रोजगार भी दिया। जनप्रतिनिधियों ने संवेदना व्यक्त की है।

वहीं पूर्व महापौर मक़सूद अहमद ने संवेदना जताते हुए कहा कि बीकाजी के सीएमडी वरिष्ठ उद्योगपति भामाशाह शिवरतन अग्रवाल “फन्ना बाबू”के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हू कि पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें ॥
उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति : पचीसिया
24 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान
बीकानेर के भुजिया सम्राट और बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के चेयरमैन शिवरत्न अग्रवाल (फन्ना बाबू) के निधन पर शोक की लहर छा गई। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि फन्ना बाबू का निधन उद्योग व सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
पचीसिया ने बीकानेर जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों से 24 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक बंद रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पूरा बीकानेर जिला उद्योग संघ परिवार इस दुखद समाचार से आहत है और इसे सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया गया है।
श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी किशन मूंधड़ा ने कहा कि फन्ना बाबू एक वरिष्ठ उद्योगपति, भामाशाह और समाजसेवी के रूप में अविस्मरणीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व थे।
संघ के उपाध्यक्ष नरेश मित्तल ने कहा कि देश ने एक बड़ा उद्योगपति खो दिया है और फन्ना बाबू के अनुभव और मार्गदर्शन से ही आज बीकाजी ब्रांड वैश्विक स्तर पर बीकानेरी स्वाद की पहचान बना है।
उपाध्यक्ष अशोक सुराणा ने बताया कि वे उद्योग और व्यापार के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में भी सक्रिय रहे और बीकाजी के माध्यम से बीकानेर को विश्व पटल पर पहचान दिलाई।
सचिव वीरेंद्र किराडू ने इसे पूरे देश के लिए क्षति बताते हुए कहा कि उनकी उद्यम कुशलता और दूरदृष्टि से ही बीकाजी को वास्तविक पहचान मिली।
कोषाध्यक्ष पारस डागा ने उन्हें युवा उद्यमियों का प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि आज बीकानेर ही नहीं, पूरे देश के युवा उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
संयुक्त सचिव श्यामसुन्दर सोनी ने कहा कि देश ने एक सफल उद्यमी और समाजसेवी भामाशाह को खोया है, जिनके हंसमुख और मिलनसार स्वभाव को हमेशा याद रखा जाएगा।
वरिष्ठ उद्योगपति कन्हैयालाल बोथरा ने उन्हें अपना परम मित्र बताते हुए कहा कि उनका देवलोक गमन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।
फोर्टी संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी और सचिव मनीष नाहटा ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नियति ने आज एक अनुभवी उद्योगपति और समाजसेवी को हमसे छीन लिया है, जिसकी भरपाई असंभव है।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने जताई संवेदना..
मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि फन्ना बाबू का निधन न केवल व्यापार एवं उद्योग जगत, बल्कि पूरे बीकानेर के लिए अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उनकी सेवाएं अतुलनीय रही हैं। बीकानेर के सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
व्यापार मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि सन 2009 से 2018 तक 10 वर्ष उनका शानदार अध्यक्ष कार्यकाल रहा । उनके मार्गदर्शन, अनुभव एवं समर्पण ने व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की, जिसके लिए उनका नाम सदैव चिरस्मरणीय रहेगा।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की और से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 24 अप्रैल को दोपहर 2:00 बजे तक सम्पूर्ण बीकानेर के व्यापारिक व औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है





