बीकानेर : जिला कलेक्टर ने कानासर में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का किया निरीक्षण - Nidar India

बीकानेर : जिला कलेक्टर ने कानासर में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का किया निरीक्षण

सभी विभागों के अधिकारी रहें मौजूद, शिविरों का करें पूर्व प्रचार: जिला कलेक्टर

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

जिला कलक्टर  नम्रता वृष्णि ने शनिवार को कानासर गिरदावर सर्किल मुख्यालय में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा के निर्देश पर आयोजित हो रहे इन शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता और डेयरी सहित 12 विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दें।

इनसे जुड़े आवेदन करवाए जाकर विभिन्न योजनाओं के लाभ भी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि ग्राम उत्थान शिविरों को शुरुआत बसंत पंचमी (23 जनवरी) को हुई। पहले चरण में रविवार तक तथा दूसरे चरण में 5 से 9 फरवरी तक शिविर होंगे। जिले के कुल 77 गिरदावर सर्कल्स पर इनका आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने शिविरों का पूर्व प्रचार-प्रचार करने के साथ प्रगति रिपोर्ट भी समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

जिला कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
इस दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। ग्रामीणों द्वारा आबादी विस्तार, अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध करवाने, अवैध खनन रोकने, निविदा कार्मिक को मानदेय दिलाने, जल जीवन मिशन की पेयजल पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने तथा टोल नाके से जुड़ी व्यवस्था को दुरुस्त करने सहित विभिन्न समस्याएं रखी। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  सोहनलाल साथ रहे।

विकास अधिकारी ने दी प्रगति की जानकारी
शिविर के दौरान बीकानेर पंचायत समिति की विकास अधिकारी साजिया तबस्सुम ने शिविर की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान बीबी-जीराम-जी के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत में बताया कि मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा के निर्देश पर शीघ्र ही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) का आयोजन किया जाएगा। ग्राम उत्थान शिविरों के दौरान योजनाओं के साथ ‘ग्राम’ का प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है, जिससे ग्राम में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

दो परिवारों के लिए संबल बना शिविर
कानासर में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर नगासर और कतरियासर के एक-एक परिवार के लिए संबल बना। नगासर के किसान कमल तथा कतरियासर के किसान ओम प्रकाश का कृषि कार्यों के दौरान निधन हो गया। दोनों दिवंगत किसानों के परिजनों को शिविर के दौरान कृषि विपणन विभाग की मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के तहत दो-दो लाख रुपए के चेक प्रदान किए गए। दोनों परिवारों के लिए यह क्षण बेहद भावुक था। परिजनों ने कहा कि इस संकट के समय में राज्य सरकार का संबल मिलना उनके लिए बड़ा सहारा है।
इस दौरान कृषि विपणन विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक दयानंद सिंह, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदनलाल, फल मंडी सचिव नवीन गोदारा, अनाज मंडी सचिव उमेश चंद शर्मा, जिला रिसोर्स पर्सन दलबीर सिंह, पर्यवेक्षक वरुण भोजक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

रविवार को इन स्थानों पर होंगे शिविर
जिला कलेक्टर ने बताया कि रविवार को शेरेरा, हंसेरा, गजनेर, चरकड़ा, कुचौर अथूणी तथा धर्मास गिरदावर मुख्यालय पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *