बीकानेर : कहीं आप सड़े मावे से बनी मिठाइयां तो नहीं खा रहे? स्वास्थ्य विभाग ने फफूंद लगा बदबूदार 1160 किलो मावा नष्ट कराया... - Nidar India

बीकानेर : कहीं आप सड़े मावे से बनी मिठाइयां तो नहीं खा रहे? स्वास्थ्य विभाग ने फफूंद लगा बदबूदार 1160 किलो मावा नष्ट कराया…

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

एक तरफ त्यौहार का अवसर है। तो दूसरी तरफ ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच के चलते मिलावटखोर अपनी कारगुजारियों को अंजाम दे रहे हैं, कहने को कभी-कभार, या यूं कहे त्यौहार के मौके पर विभाग महज कार्रवाई कर इतिश्री कर लेता है, फिर वहीं ढर्रे पर मिलावट खोर उतर आते हैं। यही वजह है कि मिठाइयां, दूध, मसाले सहित खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल बीकानेर में धड़ल्ले से चल रहा  है।

स्वास्थ्य विभाग ने नष्ट कराया 1160 किलो मावा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में कार्रवाई की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा दल द्वारा कमला कॉलोनी स्थित आशा कोल्ड स्टोर तथा प्रीति कोल्ड स्टोर पर निरीक्षण एवं न्यूनीकरण की कार्यवाही की गई।

प्रीति कोल्ड स्टोर पर लगभग 1160 किलो पुराना, फफूंद लगा और बदबूदार मावा रखा था। कोल्ड स्टोर मालिक से इन पीपों के मालिक के बारे में पूछने पर बताया गया कि इनका कोइ मालिक नहीं है। मौके से मावे के 4 नमूने लिए गए और खराब मावे को जनहित में आबादी से दूर नष्ट करवाया गया। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए कोल्ड स्टोर मालिक को पाबंद किया गया। इसके साथ ही आशा कोल्ड स्टोर पर मावे के 2 नमूने लेने के बाद 210 किलो मावा जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया।

कोल्ड स्टोर में रखा सड़ा हुआ मावा।

इस कार्रवाई में डॉक्टर रमेश गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार,श्रवण कुमार वर्मा,भानु प्रताप सिंह तथा राकेश कुमार गोदारा शामिल रहे। कुल लिए गए 6 नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर भेजा जाएगा जिसके परिणाम अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।

क्या? एक कार्रवाई पर्याप्त है…

कहने को विभाग कार्रवाई करता है, लेकिन नियमित रूप से यदि विभाग सतर्कता से कार्य करें, तो ही इस तरह के मिलावटखोरो पर अंकुश लग सकता है। मुनाफे के लालच में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह तब होगा जब विभाग की टीम नियमित रूप से दूध, मावा और मसाला सरीखे खाद्य पदार्थों की जांच करेंगे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *