बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज़।

सावन के अंतिम सोमवार को शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन, पूजा-अर्चना और अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, बिल्वपत्र व अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
इसी क्रम में काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में विश्व कल्याण एवं जन-जन की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर कनूमण्डल की ओर से विशेष आयोजन किया गया। श्री कन्हैया लाल रंगा के नेतृत्व में पं. श्री काशीनाथ ओझा के सान्निध्य में भगवान शिव का 51 किलो चीनी से अभिषेक करवाया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुए इस विशेष अभिषेक में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार धार्मिक मान्यता है कि भगवान शिव का चीनी से अभिषेक करने से आरोग्यता प्राप्त होती है तथा मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इसी भावना के साथ अभिषेक के दौरान विश्व में सुख-शांति, सभी के उत्तम स्वास्थ्य और परिवारों में सुख-समृद्धि की कामना की गई।
विशेष अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में श्री अशोक पुरोहित, इंदु जोशी, केके छंगाणी, किशन स्वामी, सागरसा परख रंगा, श्रीनाथ पुरोहित, बृजू पुरोहित सहित अनेक भक्तों ने भाग लिया।
सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर शहर के अन्य शिव मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक के आयोजन हुए। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सावन मास की आराधना को पूर्ण किया और सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।






