बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पीछे स्थित प्राचीन संसोलाव तालाब परिसर में विराजित श्री नागा बाबा की समाधि पर श्रद्धा एवं आस्था के साथ विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।
प्रातःकाल कनू मण्डल के सदस्यों द्वारा श्री नागा बाबा का विधिवत अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। दिनभर समाधि स्थल पर श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा तथा भक्तों ने बाबा की समाधि पर मत्था टेककर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन कार्यक्रम में कनू मण्डल के सदस्य ग्वालदास व्यास, बच्चू, कन्हैयालाल रंगा, बृज्जू पुरोहित, अशोक पुरोहित, के.के. छंगाणी, इन्दू जोशी, सांगरिया सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर श्री नागा बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि श्री नागा बाबा की यह समाधि अत्यंत प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए श्री नागा बाबा की समाधि पर पुष्प अर्पित किए तथा समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।






