पहल : सीबीएसई में इंडिया टॉपर बनी तन्या का व्यापार मंडल ने किया सम्मान, दिया "राइजिंग स्टार ऑफ बीकानेर" उपाधि से नवाजा - Nidar India

पहल : सीबीएसई में इंडिया टॉपर बनी तन्या का व्यापार मंडल ने किया सम्मान, दिया “राइजिंग स्टार ऑफ बीकानेर” उपाधि से नवाजा

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

शिक्षा के क्षेत्र में बीकानेर के होनहार देश में अपने शहर का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की ओर से नई पहल की गई। हाल ही में सीबीएसई 12वीं कक्षा के परिणाम में विज्ञान वर्ग में देशभर में अव्वल अंक हासिल करने वाली तान्या सावनसुखा को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। शुक्रवार को व्यापार मंडल की टीम ने सावनसुखा के घर पहुंचकर उसको  “राइजिंग स्टार ऑफ बीकानेर” अवॉर्ड से सम्मानित किया।

इस ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी उपलब्धि पर मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी एवं प्रतिनिधिमंडल ने स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर तान्या ने बताया कि उनका पूरा ध्यान शुरू से ही अपनी पढ़ाई पर केंद्रित रहा है। इसमें नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा निरंतर अभ्यास को अपनी सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, शिक्षकों एवं परिवार के सतत मार्गदर्शन और सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि कठिन परिश्रम के साथ आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है। तान्या ने कहा कि इस सफलता के पीछे उनके दादा प्रकाश सावनसुखा, दादी तारा देवी व माता विनीता देवी, पिता तरुण सावनसुखा, बड़े पापा-मम्मी सिद्धार्थ, निकी सहित समस्त परिवार का विशेष योगदान अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। परिवार द्वारा दिए गए श्रेष्ठ संस्कार, स्नेह, मार्गदर्शन, त्याग एवं निरंतर प्रोत्साहन ने ही इस सफलता की मजबूत नींव तैयार की है। उन्होंने इस सम्मान के लिये व्यापार मंडल का आभार जताया ।

मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि यह सफलता केवल एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि तान्या के अटूट परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, निरंतर साधना एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का उज्ज्वल प्रमाण है। उन्होंने कहा कि तान्या ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब मन में दृढ़ संकल्प हो और मेहनत में निरंतरता हो, तब कोई भी शिखर असंभव नहीं रहता।

मंडल सचिव  संजय जैन सांड ने कहा कि तान्या की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि सम्पूर्ण बीकानेर, राजस्थान एवं समाज के लिए गर्व, प्रेरणा एवं उत्साह का विषय है। आज वे लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं, जो युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।

सह सचिव  प्रेम जोशी एवं  इमरान राठौड़ ने कहा कि तान्या भविष्य में भी इसी प्रकार ज्ञान, प्रतिभा एवं उत्कृष्टता के नए कीर्तिमान स्थापित कर देश एवं समाज का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगी।

इस अवसर पर जुगल राठी, संजय जैन सांड, प्रेम जोशी, इमरान राठौड़, जनक हर्ष, साजिद सुलेमानी, सत्यनारायण सिंगोदिया, भंवर सिंह राजपुरोहित, सहित सदस्यों ने तान्या को शुभाशीष प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल, यशस्वी एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ कीं तथा ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सम्मान एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

द्वारा :
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *