रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास ने सादुलपुर-दूधवा खारा नव दोहरीकृत रेलखंड का सफल स्पीड ट्रायल





बीकानेर।
उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के डोकवा से सादुलपुर के बीच में नए दोहरीकृत मार्ग पर अब जल्द ही 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ेगी। इसके लिए
मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास ने यात्री-परिवहन शुरू करने से पहले व्यापक निरीक्षण किया है।

इस दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के साथ स्वचालित मोटर ट्रॉली के माध्यम से डोकवा से सादुलपुर स्टेशनों के मध्य स्थित ट्रैक का सूक्ष्म अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, विद्युत प्रणाली, संरक्षा मानकों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की गहनता से समीक्षा की।
रेल संरक्षा आयुक्त ने विशेष रूप से ट्रैक संरचना, बैलास्ट की गुणवत्ता, फास्टनिंग सिस्टम, ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE), सिग्नलिंग व्यवस्था एवं लेवल क्रॉसिंग की संरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को उच्चतम संरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास ने विशेष निरीक्षण यान द्वारा सादुलपुर से दूधवा खारा तक नव दोहरीकृत रेल खंड का सफल स्पीड ट्रायल किया। उन्होंने 121 प्रति घंटा की गति से ट्रैक का सफल ट्रायल किया इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेन चलाने की अनुमति प्रदान की है। सफल स्पीड ट्रायल से रेल अधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि पूर्व में रतनगढ़ से दूधवा खारा तक 71 किमी तक दोहरीकृत रेलमार्ग था, अब दूधवा खारा से सादुलपुर तक 29 किमी रेलमार्ग दोहरीकृत होने से यात्रियों को अब रतनगढ़ से सादुलपुर तक दोहरीकृत रेल मार्ग का लाभ मिल सकेगा।
सुगम होगा ट्रेनों का संचालन…
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बताया कि उक्त निरीक्षण दोहरीकरण परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण है। इस परियोजना के पूर्ण होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों की गति में वृद्धि के साथ-साथ ट्रैफिक हैंडलिंग क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, जिससे परिचालन अधिक सुगम एवं कुशल बन सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस मार्ग पर सवारी गाडी एवं मालगाड़ियों के संचालन में सुधार होगा।साथ ही यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
यह अधिकारी रहे मौजूद…
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रण सिंह गोदारा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (TRD) जितेंद्र कटारिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आदित्य लेघा, डिप्टी चीफ इंजीनियर विजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





