दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, बालाजी को चूरमे का भोग लगाया
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
हाथों में लाल ध्वजा। जुबां पर वीर हनुमान के जयकारे। उत्साह और जोश में झूमते नाचते श्रद्धालु। यह नजारा है पूनरासरधाम स्थित हनुमानजी मंदिर का। जहां पर आज मुख्य मेला भरा। मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें रही। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व्यवस्थाएं बनाने में सक्रिय रहे। तो तीन दिन में हजारों लोगों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर मन्नतें मांगी। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धाल पैदल यात्रा कर पूनरासर धाम पहुंचे। आस्थावान श्रद्धालुओं ने रोटे का चूरमा बनाकर हनुमानजी के भोग लगाया।


पूनरासर धाम में शनिवार को हनुमानजी के मेले के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बीकानेर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूनरासर पहुंचे और बालाजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा रहा। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

मेले में हजारों की संख्या में पदयात्री भी अपनी मन्नतें लेकर पूनरासर धाम पहुंचे। बीकानेर से लेकर पूनरासर तक मार्ग में जगह-जगह सेवादारों ने पदयात्रियों की सेवा की। सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पानी, चाय, नाश्ता सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई। पदयात्रियों के जत्थे बालाजी महाराज के जयकारे लगाते हुए धाम की ओर बढ़ते नजर आए।
मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। हनुमानजी का आकर्षक श्रृंगार कर विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज को चूरमे का भोग अर्पित किया। मंदिर परिसर में दिनभर सुंदरकांड की चौपाइयों, भजनों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
श्रद्धालुओं ने दर्शन के बाद मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।
मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आने-जाने वाले मार्गों पर व्यवस्थाकर्मी सक्रिय रहे। पूरे दिन पूनरासर धाम में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
फोटो : राजा बोहरा।




