बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
गंगाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी और नकबजनी की वारदातें करने वालों पर शिकंजा कस लिया है। पुलिस ने 11 वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी जगदीश कुमार लखेसर, निवासी भीनासर (29 साल), राहुल नायक, निवासी भीनासर(27 साल), वहीं चोरी के सोने का स्वरूप बदलने वाले सर्राफ संजय सोनी (गंगाशहर) को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से अब तक करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। वहीं पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों ने अपने साथी अनिल कुमार के साथ मिलकर शहर में 11 नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को सुजानदेसर निवासी रेणु गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह घर बंद कर शहर से बाहर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक कटर से ताला काटकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
यह तरीका अपनाते थे…
चोरी और नकबजनी की वारदात को अंजाम देने के लिए शातिर आरोपी दिन के समय में शहर में बंद पड़े मकानों की रैकी करते है। उसके बाद रात को उन मकानाें में प्रवेश कर इलेक्ट्रोनिक कटर मशीन से ताला दरवाजे व अलमारी काटकर सोना चांदी और नकदी चुरा लेते हैं, उसके बाद चुराए गए सोने-चांदी का स्वरूप बदलने के लिए सुनार से गला लेते है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन में गंगाशहर वृत्ताधिकारी प्रह्लाद राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।






