रेलवे : सरकारी काम-काज में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने के लिए कार्यालयों को 'राजभाषा चल वैजयंती शील्ड' से किया सम्मानित - Nidar India

रेलवे : सरकारी काम-काज में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने के लिए कार्यालयों को ‘राजभाषा चल वैजयंती शील्ड’ से किया सम्मानित

उत्तर पश्चिम रेलवे पर नराकास (कार्यालय-2) जयपुर की छमाही बैठक संपन्न

जयपुर, निडर इंडिया न्यूज। 

उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय, जयपुर के “संकल्प” सभाकक्ष में मंगलवार को महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे एवं अध्यक्ष, नराकास  पंकज शर्मा की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2) जयपुर की छमाही बैठक का आयोजन किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी  अमित सुदर्शन के अनुसार इस बैठक में 01 जनवरी 2026 से 30 जून 2026 तक की छमाही अवधि के दौरान सदस्य कार्यालयों द्वारा हिंदी के प्रयोग एवं प्रगति रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा की गई तथा दैनिक सरकारी कार्यों में राजभाषा के प्रयोग को और अधिक गति देने पर विशेष बल दिया गया।

इस मौके पर मुख्य राजभाषा अधिकारी  अतुल सक्सेना ने समिति अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक   पंकज शर्मा, अपर महाप्रबंधक  अशोक माहेश्वरी को पौधा भेंट कर किया। स्वागत संबोधन में मुख्य राजभाषा अधिकारी ने सभी सदस्य कार्यालय प्रमुखों से राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।

अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक  पंकज शर्मा ने समस्त सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे अपने दैनिक प्रशासनिक एवं शासकीय कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी नियमित रूप से राजभाषा के प्रयोग हेतु समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश देने और प्रेरित करने का आह्वान किया।

अध्यक्ष महोदय ने बैठक में यह गौरवपूर्ण जानकारी साझा की कि वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य निष्पादन के लिए नराकास (कार्यालय-2) जयपुर को नवी मुंबई (महाराष्ट्र) में आगामी 14 व 15 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर “प्रशंसनीय” श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।

समिति के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी शिवचरण बैरवा द्वारा बैठक की कार्यसूची पर मदवार प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिस पर अध्यक्ष महोदय ने आवश्यक दिशा-निर्देश व सुझाव जारी किए। बैठक में उपस्थित सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।

इस दौरान अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक महोदय के कर-कमलों से नराकास स्तर पर आयोजित हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा वर्ष 2025-26 के निर्धारित मापदंडों के अनुसार राजभाषा अधिनियमों व नियमों का अनुपालन करने वाले सदस्य कार्यालयों को नराकास स्तर पर ‘राजभाषा चल वैजयंती शील्ड’ एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

‘क’ वर्ग के कार्यालय में उत्तर पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय, जयपुर, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण कार्यालय, राज्य इकाई, जयपुर,मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जयपुर क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1, जयपुर एवं दूरदर्शन केन्द्र, जयपुर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

‘ख’ वर्ग के कार्यालयों में केंद्रीय विद्यालय संगठन, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग, पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।केन्द्रीय जल आयोग (चंबल मंडल), केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (द्वितीय), जयपुर को प्रशस्ति पत्र दिया गया।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *