शिक्षा : पीएमश्री स्कूलों में साक्षात्कार के बाद भी पदस्थापन नहीं, अभ्यर्थियों में रोष

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

प्रदेश में संचालित पीएमश्री विद्यालयों में साक्षात्कार के माध्यम से पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक पदस्थापन आदेश जारी नहीं हुए है। इससे अभ्यर्थियों में असमंजस और रोष है। इस संबंध में राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील ) जिला शाखा की ओर से माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर प्रक्रिया में तत्काल निर्णय लेने की मांग की गई है।
ज्ञापन के जरिए बताया गया है कि पीएमश्री विद्यालयों में पदस्थापन के लिए विभाग की ओर से 24 अप्रैल 2026 को विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसके तहत 29 व 30 अप्रैल को शाला दर्पण पोर्टल पर स्टाफ लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करवाए गए।

इसके बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग के आदेश के तहत 18 एवं 19 जून 2026 को साक्षात्कार आयोजित किए गए। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी हुए करीब दो माह का समय बीत जाने के बावजूद 10 अगस्त तक पदस्थापन को लेकर कोई कार्रवाई नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने विभाग से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। जिलाध्यक्ष आनंद पारीक ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि पीएमश्री विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापन प्रक्रिया में हो रही देरी का असर विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हितों पर भी पड़ सकता है।  छात्र हित को ध्यान में रखते हुए साक्षात्कार के आधार पर पदस्थापन की प्रक्रिया को तत्काल पूरा कर आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है।

Share your love
Facebook
Twitter

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *