शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ ने उपनिदेशक प्रशासन को सौंपे दो ज्ञापन
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य के नेतृत्व में मंगलवार को संघ पदाधिकारियों ने शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक प्रशासन अशोक पारीक को निदेशक के नाम दो ज्ञापन सौंपे। इनके माध्यम से बीकानेर संभाग के कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य एवं कोषाध्यक्ष नवरतन जोशी ने बताया कि शिक्षा निदेशालय में संस्थापन अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक एवं कनिष्ठ सहायक के पदों पर पदोन्नति एवं स्थानांतरण के बाद बड़ी संख्या में कार्मिक लंबे समय से अनुभाग आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अनुभाग आवंटन नहीं होने के कारण कार्मिकों की कार्यक्षमता का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। साथ ही राज्य सरकार को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने शीघ्र अनुभाग आवंटन करने की मांग की।
दूसरे ज्ञापन में निदेशालय स्तर पर लंबित परिवेदनाओं का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की गई। संघ ने आरोप लगाया कि पदोन्नति से पदस्थापन एवं स्थानांतरण से पदस्थापन में दोहरे मापदंड अपनाए गए हैं। ऐसे पदस्थापनों को निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
संघ ने दूरदराज के क्षेत्रों में पदस्थापित कार्मिकों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारियों की ओर से प्रस्तुत परिवेदनाओं का निस्तारण करते हुए उनके संभाग एवं जिलों में उपलब्ध रिक्त पदों पर पदस्थापन करने की मांग भी की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इससे कर्मचारियों को राहत मिलेगी तथा अनावश्यक आर्थिक भार से भी बचा जा सकेगा।






