क्राइम : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नार्को-आर्म्स सिंडिकेट का मुख्य सरगना गिरफ्तार, 75 हजार रुपए का था इनाम - Nidar India

क्राइम : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नार्को-आर्म्स सिंडिकेट का मुख्य सरगना गिरफ्तार, 75 हजार रुपए का था इनाम

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नार्को-आर्म्स सिंडिकेट के मुख्य सरगना और  75 हजार रुपये के इनामी बदमाश राकेश प्रजापत को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीकानेर में अप्रैल 2026 में हुई करीब 75 करोड़ रुपये की हेरोइन ड्रोन ड्रॉपिंग और 2 अगस्त 2026 को खाजूवाला में हुई नार्को-आर्म्स ड्रोन ड्रॉपिंग का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

 

बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के अनुसार साइबर सेल, जिला पुलिस स्पेशल टीम और खाजूवाला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर पंजाब से जोधपुर की ओर जाते समय गिरफ्तार किया गया।

आरोपी पर पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज की ओर से 50 हजार और पाली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय राकेश प्रजापत, निवासी चौपड़ा (जिला पाली), के खिलाफ राजस्थान, पंजाब, गोवा और कर्नाटक में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह पंजाब की फरीदकोट जेल में रहने के दौरान अंतरराष्ट्रीय नार्को-आर्म्स सिंडिकेट के संपर्क में आया और पिछले 13 महीनों से फरार रहकर मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी से जुड़ा हुआ था।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर अलग-अलग नामों से सक्रिय रहकर अपनी पहचान छिपाता था और सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थ एवं हथियारों की खेप मंगवाकर उनकी सप्लाई करवाने का नेटवर्क संचालित करता था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बना रखे थे अलग-अलग नामों से ग्रुप

पुलिस के अनुसार राकेश प्रजापत अलग-अलग राज्यों की पुलिस को अब तक चकमा दे रहा था। साथ ही इसने  दुबई किंग और सरकार ग्रुप नाम से सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बना रखी थी। अलग-अलग नामों से भारत के राज्यों में फरारी काट रहा था।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *