बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
अग्रवाल समाज चेतना समिति और मारवाड़ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त (रविवार) को व्यास कॉलोनी में स्थित अग्रवाल भवन में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसमें रोग विशेषज्ञ डाक्टर सेवाएं देंगे। इस संदर्भ में मंगलवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें समिति अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि यह चिकित्सा शिविर सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा।
इसमें अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक आमजन को निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि समाज सेवा ही संगठन की सबसे बड़ी पहचान है। इसी उद्देश्य से समिति की ओर से मारवाड़ हॉस्पिटल के सहयोग से यह चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है। ताकि आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने सर्व समाज से अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ लेने की अपील की।
डॉ. वेद गोयल ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नवनीत सुथार, डॉ. एम.जी. भट्टड़, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. तारिक मोहम्मद तस्लीम एवं डॉ. इमरान खान अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
मारवाड़ हॉस्पिटल के संपर्क अधिकारी सुनील शर्मा एवं डॉ. एम.जी. भट्टड़ ने बताया कि शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिवर एवं हृदय संबंधी जांचों सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा शिविर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता के अंत में प्रदीप कुमार लाट एवं समिति के मंत्री मनीष चौधरी ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है तथा सभी से अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मारवाड़ हॉस्पिटल के प्रतिनिधि, अग्रवाल समाज चेतना समिति के पदाधिकारी, महिला कार्यकारिणी की सदस्याएं और समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कलमकारों का हुआ सम्मान


प्रेस वार्ता के दौरान चार पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इसमें वरिष्ठ पत्रकार और जार के प्रेदशाध्यक्ष श्याम मारू, जार के जिला अध्यक्ष प्रमोद आचार्य, पत्रकार विक्रम जागरवाल और प्रेस क्लब बीकानेर के अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया को सम्मानित किया गया।








