बेनीसर व दुसारणा में जीएसएस, सड़क का लोकार्पण और ट्यूबवेल का शिलान्यास
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेनीसर एवं दुसारणा गांवों को रविवार को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बेनीसर में नवीन ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) एवं सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया, वहीं दुसारणा में नवीन ट्यूबवेल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर दोनों गांवों में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली, पुष्पवर्षा, साफा पहनाकर एवं जयघोष के साथ विधायक का भव्य स्वागत किया।
बेनीसर (हेमासर फांटा) में विधायक सारस्वत ने लगभग ₹2.10 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण किया। साथ ही बेनीसर से दुलचासर तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क, जिसका निर्माण ₹1.05 करोड़ की लागत से हुआ है, का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी तथा सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों, ग्रामीणों एवं आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

बेनीसर में मोहन नाथ सिद्ध, देवनाथ सिद्ध, भूमि दानदाता सोहनलाल गोदारा, अमरचंद गोदारा, सुगननाथ, लालचंद, श्रवण मेघवाल, किशन, कन्हैयालाल, मदन नाथ सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर एवं पुष्पवर्षा कर विधायक का आत्मीय स्वागत किया।
इसके बाद विधायक सारस्वत ने दुसारणा स्थित कृष्णा गोशाला के समीप ₹26.26 लाख की लागत से बनने वाले नवीन ट्यूबवेल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीणों को बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों की यह गति जारी रहेगी।
दुसारणा में अगरसिंह कोटासर, सरपंच संजू कंवर, सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह चौहान, गौशाला अध्यक्ष मोहनराम गोदारा, भूमि दानदाता रूगाराम मुंड, पेमाराम गोदारा, रामप्रताप सारण, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश सारण, मालाराम सुथार, सरवन गोदारा सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में हेमनाथ जाखड़, महेन्द्र सिंह, राधेश्याम दर्जी, मांगीलाल गोदारा, भागीरथ सिंह, नौरंग नाथ, मोहन नाथ, लक्ष्मीनारायण सेवग, राजू सिंह राजपुरोहित, पृथ्वीराज राजपुरोहित एवं राजेन्द्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





