कंपनी ने बदले 25 मीटर, लगाई नई केबल, पुलिस बल रहा मौजूद

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
बिजली चाेरों पर नकेल डालने के लिए बीकेईएसएल ने शिकंजा कस लिया है।
गजनेर रोड स्थित भुट्टों के बास क्षेत्र में लंबे समय से हो रही बिजली चोरी रोकने के लिए बीकेईएसएल ने पुलिस की मौजूदगी में व्यापक अभियान चलाया। तीसरे चरण की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के दो ट्रांसफार्मरों पर तकनीकी सुधार कर 25 उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए और कुछ मीटर मकानों के बाहर लगाए गए।
इसके अलावा कटी हुई सर्विस लाइनों को हटाकर उनकी जगह नई केबल लगाई तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पोल पर बॉक्स भी लगाए गए।
रोजाना हो रही थी 5 लाख की चोरी…
बीकेईएसएल का दावा है कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 5 लाख रुपए की बिजली चोरी हो रही थी, जिसे रोकने के लिए ही यह कार्रवाई की गई। बीकेईएसएल के चीफ कम्युनिकेशन अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि भुट्टों के बास क्षेत्र में कुल नौ ट्रांसफार्मर हैं। इनमें से सात ट्रांसफार्मरों पर पहले ही सुधार कार्य किया जा चुका था, जबकि शेष दो ट्रांसफार्मरों पर मंगलवार को तकनीकी उन्नयन और नेटवर्क सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा किया गया, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। अभियान के दौरान 614 मीटर सर्विस केबल बदली गई।
इसके अलावा 300 मीटर 70 वर्ग मिमी एलटी केबल तथा 310 मीटर 25 वर्ग मिमी एलटी केबल भी बिछाई गई। सुबह 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम तक चली। बीच में बारिश के कारण कुछ समय के लिए कार्य रोकना पड़ा। कार्रवाई में बीकेईएसएल के 40 अधिकारी, 80 श्रमिक और 55 पुलिसकर्मी तैनात रहे।






