कुलगुरु बोले— विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों और आगन्तुकों की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं कुलानुशासक कार्यालय का शुभारंभ और विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर निर्मित अभ्यागत केंद्र का लोकार्पण कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित द्वारा किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप स्थापित अभ्यागत केंद्र में विद्यार्थियों एवं आगन्तुकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस केंद्र के प्रारंभ होने से विश्वविद्यालय में आने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य आगन्तुकों को मुख्य द्वार पर ही पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें अधिक सुविधा मिलेगी।
मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु सचिवालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं कुलानुशासक कार्यालय का भी शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान, मार्गदर्शन तथा छात्र कल्याण से संबंधित गतिविधियों का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
इस अवसर पर कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन तथा आगन्तुकों की सुविधा के लिए यह पहल विश्वविद्यालय की कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशपाल आहूजा, वित्त नियंत्रक देवेन्द्र सिंह राठौड़, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रभुदान चारण, सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संतोष कंवर शेखावत, मुख्य कुलानुशासक डॉ. गौतम मेघवंशी, कुलानुशासक डॉ. अभिषेक वशिष्ठ, डॉ. लीला कौर, आचार्य अनिल कुमार छंगाणी, प्रो. राजाराम चोयल, डॉ. प्रगति सोबती, डॉ. फौजा सिंह, अमरेश कुमार सिंह और डॉ. मानकेशव सैनी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।






