बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


बीकानेर वैचारिक जागरण मंच की ओर से भव्य खेजड़ली उत्सव रविवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्यावरण संरक्षण, खेजड़ी संवर्धन एवं जनजागरण के उद्देश्य से 5 जुलाई को सुबह 6 बजे से सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर के निकट एक साथ 11,000 खेजड़ी पौधों का रोपण किया जाएगा।

बीकानेर वैचारिक जागरण मंच के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित के अनुसार पौधारोपण के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। पौधों के साथ-साथ पानी, फावड़े, बाल्टियां एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर विभिन्न स्थानों पर ब्लॉक बनाकर रखवाई गई है। कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए 22 ब्लॉक तैयार किए गए हैं तथा पूरे क्षेत्र को चार अलग-अलग प्रवेश द्वारों (गेटों) में विभाजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को अलग-अलग ब्लॉक आवंटित किए गए हैं, जहां उनके प्रतिनिधि सामूहिक रूप से पौधारोपण करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 363 महिलाओं की सहभागिता रहेगी, जो पारंपरिक नगाड़ों एवं वाद्ययंत्रों की मंगलध्वनि के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगी।



आयोजन में बीकानेर की अनेक सामाजिक संस्थाओं, जिला प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, पर्यावरण प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में पद्मश्री श्याम सुंदर पालीवाल, पद्मश्री लक्ष्मण सिंह लापोड़िया तथा पद्मश्री हिम्मतराम भांभू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं संत समाज से स्वामी विमर्शानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर सरजूदास जी महाराज, स्वामी रामेश्वरानंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सान्निध्य भी प्राप्त होगा।
बीकानेर वैचारिक जागरण मंच ने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक पर्यावरणीय अभियान में सहभागी बनकर अधिकाधिक संख्या में पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को सशक्त बनाने का आह्वान किया है। मंच का विश्वास है कि जनभागीदारी से आयोजित यह खेजड़ली उत्सव पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी और ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा।







