बीकानेर : भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट 50 प्रतिभावान बच्चों को दिखाएगा बेहतर भविष्य की राह - Nidar India

बीकानेर : भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट 50 प्रतिभावान बच्चों को दिखाएगा बेहतर भविष्य की राह

ट्रस्ट चलाएगा सुपर-50 कार्यक्रम, प्रत्येक विद्यार्थी पर खर्च होंगे तीन लाख

करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने की घोषणा

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

जिले के 50 प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को करियर चयन में सहायता, संसाधन, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से ‘सुपर-50’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। इनका चयन एक कमेटी द्वारा किया जाएगा। दसवीं और बारहवीं परीक्षा पास विद्यार्थी, इस योजना के तहत चयनित होंगे जो नीट, यूपीएससी सहित अन्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी करेंगे।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री  अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री  मेघवाल ने कहा कि बीकानेर के प्रतिभावान बच्चे अवसर और संसाधनों की कमी के कारण बेहतर करियर से वंचित न रहें, इसके मद्देनजर भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा यह पहल की जा रही है। उन्होंने करियर काउंसलिंग कार्यक्रम किए मुख्य संयोजक श्री रवि शेखर मेघवाल को युवाओं के चयन के लिए कमेटी बनाने तथा चयन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि करियर की बेहतर राह पर ले जाने के लिए प्रत्येक बच्चे पर 3 लाख रुपए तथा कुल डेढ़ करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रतिभावान बच्चों की संख्या अधिक होने पर इसका दायरा बढ़ाया भी जा सकेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दिवाली के आसपास वृहद करियर और रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में 2000 से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर कंपनियों में रोजगार के अवसर मुहैया करवाए जाएंगे।  मेघवाल ने भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा लगातार दूसरे वर्ष आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि युवाओं को बेहतर करियर तक पहुंचने में ट्रस्ट सेतु का कार्य कर रहा है।

मेघवाल ने कहा कि आज के दौर में करियर के अनेक विकल्प हैं। युवा, सरकारी नौकरियों के अलावा भी बेहतर भविष्य की राह बढ़ सकते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सर्वश्रेष्ठ विकल्प की ओर बढ़ाने का मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प चुनने तथा चुने हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए गंभीरता से छूटने का आह्वान किया। उन्होंने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने की सीख दी।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य नियमित रूप से किया जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम युवाओं के लिए लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह नए और विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।

विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष  रामगोपाल सुथार ने कहा कि युवा असफलता को चुनौती के रूप में लें तथा इससे निराश होने की बजाय अधिक ऊर्जा से आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षा के साथ कौशल क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक  रवि शेखर मेघवाल में कहा कि सही समय और सही दिशा में बेहतर मार्गदर्शन के अभाव में युवा अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसे में प्रतिभा के साथ न्याय नहीं हो पाता। इसे ध्यान रखते हुए भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत गत वर्ष हुई। जिसके बेहतर परिणामों के बाद इसे सतत रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट सेवा, शिक्षा और संस्कार को ध्यान रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

मेघवाल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत पंजीकृत प्रत्येक विद्यार्थी को प्रमाण पत्र, डिक्शनरी तथा प्रोत्साहन स्वरूप 500 रुपए प्रदान किया जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि बच्चे इस राशि से पुस्तक खरीदें, जो कि उनके लिए उपयोगी साबित हों। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल की दूरगामी सोच के तहत प्रारम्भ होने वाला सुपर-50 कार्यक्रम क्षेत्र के युवाओं के लिए वरदान साबित होगा।

ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों पर अपने विचार अनावश्यक रूप से ना थौंपे। बच्चों के विचार भी सुने जाएं तथा उन्हें सकारात्मक मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि बालक के मन की वृत्ति को समझना भी अभिभावकों का दायित्व है।

इस दौरान  मदन स्वामी ने एनडीए की तैयारी करने और नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने करियर काउंसलिंग की आवश्यकता के बारे में बताया। वहीं यूपीएससी एग्जाम पास करने वाले  नमिता सोनी और हिमांशु वर्मा ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के बारे में जानकारी दी। सुश्री दृष्टि मेघवाल ने युवाओं को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने तथा लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने की सीख दी।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री  मेघवाल सहित सभी अतिथियों में मां सरस्वती, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा   भावना मेघवाल के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान अनेक बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन  ओमाराम ढाल ने किया।

कार्यक्रम में  श्याम पंचारिया,  सुमन छाजेड़, पूर्व महापौर  नारायण चोपड़ा, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष  महावीर रांका, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य,   विजय आचार्य, उपनिदेशक (स्थानीय निकाय)  सुशीला वर्मा,  संतोषानंद महाराज,  दीपक पारीक,  दिलीप सिंह आडसर, पप्पू राम पवार आदि मंच पर मौजूद रहे।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर सभी नशे को छोड़ने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लें। कार्यक्रम के पश्चात मंत्री   मेघवाल ने बच्चों के बीच पहुँचकर उनके करियर के बारे में जानकारी ली और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित करियर काउंसलिंग वैन के माध्यम से भी युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *