रेलवे : लालगढ़ स्थित कारखाने में पांच करोड़ की लागत से बनेगा नया प्रशासिनक भवन, एक ही छत के नीचे संपादित होंगे कार्य - Nidar India

रेलवे : लालगढ़ स्थित कारखाने में पांच करोड़ की लागत से बनेगा नया प्रशासिनक भवन, एक ही छत के नीचे संपादित होंगे कार्य

महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे अमिताभ ने किया लालगढ़ कारखाना का निरीक्षण

नवीन प्रशासनिक भवन का किया शिलान्यास व नवीनीकृत एयर ब्रेक अनुभाग- उत्कृष्टता केन्द्र का उद्घाटन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने मंगलवार, (23 जून) को लालगढ़ कारखाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारखाना परिसर में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन प्रशासनिक भवन का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवीन प्रशासनिक भवन के निर्माण से विभिन्न कार्यालयों का कार्य एक ही छत के नीचे संचालित हो सकेगा, जिससे कार्य निष्पादन में तीव्रता आएगी और रेलकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं सुविधाएं प्राप्त होंगी।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान 2.25 करोड़ से लागत से ‘नवीनीकृत एयर ब्रेक अनुभाग – उत्कृष्टता केंद्र’ का उद्घाटन भी किया। इस अनुभाग में आधुनिक तकनीक से युक्त अनेक अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना की गई है, जिनसे कार्य क्षमता, गुणवत्ता एवं सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

नवीनीकृत एयर ब्रेक अनुभाग में स्थापित ऑटोमेटिक पाइप फ्लैंज वेल्डिंग मशीन के माध्यम से कर्मचारी दूरस्थ रूप से मशीन का संचालन कर पाइप वेल्डिंग का कार्य कर सकेंगे। इससे वेल्डिंग के दौरान उत्पन्न होने वाले धुएं के प्रतिकूल प्रभावों से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा कार्य निष्पादन की गति में भी वृद्धि होगी।

इसके अतिरिक्त अनुभाग में फ्लैश बट वेल्डिंग प्लांट, पाइप बेंडिंग मशीन, पाइप थ्रेडिंग मशीन, कम्प्यूटरीकृत डीवी टेस्ट बेंच तथा एसएबी स्प्रिंग टेस्टिंग मशीन जैसी आधुनिक मशीनें भी स्थापित की गई हैं।

हरित पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक अमिताभ ने कारखाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न रेल संगठनों के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने महिला रेलकर्मियों से भी मुलाकात कर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर के सभागार में शाखाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में रेल विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न शाखा अधिकारियों द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

रेल विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक ने अधिकारियों की सराहना की तथा कार्यों को और अधिक गति एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शैलेष चौधरी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर रणसिंह गोदारा, मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पिसे, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) ऋतुराज शर्मा, मुख्य कारखाना प्रबंधक नवीन मीणा (लालगढ़), AWM विजय कुमार राठौड़ (लालगढ़), सहायक कार्मिक अधिकारी अनिल मोदी (लालगढ़), मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, निजी सचिव धीरज थानवी सहित रेलवे के  अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *