नालबड़ी के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : मेघवाल - Nidar India

नालबड़ी के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : मेघवाल

केंद्रीय मंत्री ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ, अटल प्रगति पथ का उद्घाटन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नाल बड़ी में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के क्रमोन्नयन से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं आमजन के लिए लाभकारी एवं राहतदायक सिद्ध होंगी।

मेघवाल शनिवार को नाल बड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

उन्होंने बताया कि नाल बड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है। वर्तमान में यह इसी भवन में संचालित होगा। शीघ्र ही नॉर्म्स के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन बनेगा। इसके नए भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। भूमि चिन्हित कर अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने नाल बड़ी में एक ट्यूबवेल बनवाने की घोषणा की। साथ ही एयरफोर्स के कुएं से नाल बड़ी को मीठा पेयजल उपलब्ध करवाने की दिशा में अगले 15 दिनों में सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए एयरफोर्स के उच्चाधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

मेघवाल ने कहा कि प्रदेश में विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं। बड़ी मात्रा में सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है तथा आरडीएसएस योजना के माध्यम से अनेक नए जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नाल बड़ी को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

मेघवाल ने गांव के भोमियाजी मंदिर के विकास, यहां अलग से बालिका विद्यालय खुलवाने तथा तालाब के सुदृढ़ीकरण के लिए सीएसआर के तहत कार्य करवाने का विश्वास दिलाया। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने बताया कि शीघ्र प्रारंभ होने वाली ई-बस सेवा की एक बस नाल एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 3 करोड़ 3 लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। इसके तहत 5.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, टंकियां, पंप हाउस तथा अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छोटी नाल को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जा चुका है। विधायक ने जलदाय एवं विद्युत निगम के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 650 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं।

श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, विश्वास, सुशासन और जनकल्याण के रहे हैं। देश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पुखराज साध ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही जिले में चिकित्सा के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सरपंच सोहनलाल बैद ने आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, चंपालाल गैदर, संतोषानंद महाराज, डॉ. लता चंदन,  मोहन सिंह,श्याम सिंह हाड़ला,  कुंभनाथ सिद्ध, संपत पारीक, श्रीकिशन गोदारा, कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अटल प्रगति पथ का किया लोकार्पण

केंद्रीय मंत्री और खाजूवाला विधायक ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत स्काई बर्ड से पृथ्वीराज सर्किल होते हुए पुराना पटवारघर होते हुए मैन हाइवे एनएच-11 तक बने अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया। 1.6 किलोमीटर लंबे पथ के निर्माण पर 2 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं।  मेघवाल सहित समस्त अतिथि इस पथ पर पैदल चले।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *