बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


नत्थूसर गेट के बाहर संसोलाव तालाब आगोर भूमि में स्थित संसोलाव आगोर एवं पर्यावरण संरक्षण समिति की ओर संचालित पीपल पार्क में अधिक मास की सोमवती अमावस्या के अवसर पर पीपल के वृक्षों का पूजन किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने सुबह 5:00 बजे से पीपल पार्क पहुंचकर पूजन करना प्रारंभ कर दिया सुबह-सुबह की पावन वेला में हरे-भरे पीपल के वृक्षों के नीचे पूजन, परिक्रमा एवं भजन आदि गतिविधियों से वातावरण की दिव्यता देखते ही बन रही थी। बीकानेर शहर के प्रत्येक क्षेत्र के अलावा आसपास के गांव कोलासर मेघसर लूणकरणसर डूंगरगढ़ रतनगढ़ आदि स्थानों से महिला श्रद्धालुओं का रेला निरंतर पूजन के लिए पीपल पार्क में आ रहा था यही नहीं आसपास के फलोदी ओसियां आदि स्थानों से भी बसों ,कारों एवं अन्य वाहनों में भरकर महिला श्रद्धालु पीपल पार्क पहुंच रही थी।

सांसोलाव आगोर एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के संयोजक मदन मोहन छंगाणी ने बताया की सन 2012 में स्वर्गीय पंडित दाऊ लाल छंगाणी के द्वारा इस पीपल पार्क की स्थापना की गई थी। इस आगोर भूमि को बचाने के उद्देश्य से एक ही जगह 151 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए थे।



ये पौधे आज विशाल वृक्षों का रूप ले चुके हैं। इसके अलावा शास्त्रीय मान्यता के अनुसार पीपल के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है इस कारण भी सनातन धर्म में पीपल पूजन का विशेष महत्व है वर्तमान में अधिक मास चल रहा है आज अधिक मास का समापन सोमवती अमावस्या के साथ होने के कारण भारी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस मौके पर कन्हैयालाल वाल्मीकि, सुशील परिहार, श्रवण सुथार शिव शंकर छंगाणी, केशव छंगाणी,विजय सिंह राजपूत आदि कार्यकर्ताओं ने पूजन कर्म में सहयोग प्रदान किया







